1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चीन के बाद जापान, अमेरिका, दक्षिण कोरिया में भी फूटा कोरोना बम, दुनियाभर में 24 घंटे में बढ़े 5.37 लाख केस

चीन के बाद जापान, अमेरिका, दक्षिण कोरिया में भी फूटा कोरोना बम, दुनियाभर में 24 घंटे में बढ़े 5.37 लाख केस

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 22, 2022 10:05 am IST,  Updated : Dec 22, 2022 10:23 am IST

चीन में कहर बरपाने वाला कोरोना अब दुनियाभर में तेजी से फैल रहा है। अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया जैसे अलग अलग महाद्वीप के देशों में कोरोना के केस तेजी से बढ़ने लगे हैं। इसे लेकर दुनियाभर की सरकारें अलर्ट हो गई हैं। वहीं डब्ल्यूएचओ ने भी चीन सहित दुनिया में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है।

Corona Cases in World- India TV Hindi
Corona Cases in World Image Source : PTI

चीन में कोरोना कहर बनकर टूट पड़ा है। साथ ही दुनियाभर में भी अचानक कोरोना बम फूट गया है। चीन के साथ ही अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया जैसे देशों में भी अचानक कोरोना के केस बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान पूरी दुनिया में 5.37 लाख केस सामने आए हैं। अकेले जापान में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2.06 लाख केस मिले हैं। वहीं, 296 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई है। अमेरिका में भी 50 हजार से ज्यादा केस मिले हैं। जबकि 323 लोगों ने अपनी जान गंवाई है।

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा केस जापान में मिले हैं। इतना ही नहीं अमेरिका में भी 50 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। उधर, चीन में कोरोना से तबाही जारी है. यहां न सिर्फ तेजी से केस बढ़ रहे हैं, बल्कि महामारी से लोगों की जान भी जा रही है। हालत ये है कि अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए जगह नहीं बची है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन यानी WHO ने भी इस बात को माना है।

WHO ने कहा कि चीन में अस्पताल कोरोना की मौजूदा लहर के चलते भर गए हैं। चीन के अलावा अमेरिका, जापान समेत दुनिया के कई अन्य देशों में भी कोरोना के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में भारत सरकार के साथ ही राज्य भी अलर्ट पर आ गए हैं।

चीन में कितने केस मिले? 

चीन में बुधवार को 3,030 केस मिले हैं। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार किसी की जान नहीं गई है। इससे पहले मंगलवार को कोरोना से चीन में 5 लोगों की मौत हुई  थी। हालांकि, चीन से जो वीडियो और तस्वीरें सामने आ रही हैं, वे कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं। वहीं डब्ल्यूएचओ ने भी माना है कि चीन में मौजूदा लहर के चलते अस्पताल भर गए हैं।

विश्व में 24 घंटे में 5.37 लाख नए केस

कोरोना के आंकड़ों पर नजर रखने वाली संस्था worldometer के मुताबिक, दुनियाभर में पिछले 24 घंटे में 5.37 लाख केस सामने आए हैं। वहीं 1396 लोगों की मौत महामारी से हुई है। अब तक दुनियाभर में कोरोना के 65 करोड़ 94 लाख 97 हजार 698 केस मिल चुके हैं। वहीं 20 करोड़ एक्टिव केस हैं।

जापान में मिले सबसे ज्यादा केस

जापान में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2.06 लाख केस मिले हैं। वहीं, 296 लोगों की मौत हुई है। अमेरिका में भी 50 हजार से ज्यादा केस मिले और 323 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। इसके अलावा दक्षिण कोरिया में 88,172, फ्रांस में 54,613 और ब्राजील में 44415 मामले कोरोना के मिले हैं। वहीं ब्राजील में महामारी से 197 लोगों की मौत हुई है।

भारत में कितने केस मिले? 

भारत में पिछले 24 घंटे में 145 केस मिले हैं। हालांकि, इस दौरान किसी की जान नहीं गई है। अब तक देश में 44,677,594 केस मिल चुके हैं। वहीं, 5.3 लाख लोग अब तक महामारी में अपनी जान गंवा चुके हैं। देश में एक्टिव केस सिर्फ 4672 हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत