1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अमरनाथ यात्रा के लिए आज से करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन, यहां पढ़ लें जरूरी दिशा-निर्देश

अमरनाथ यात्रा के लिए आज से करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन, यहां पढ़ लें जरूरी दिशा-निर्देश

 Written By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 17, 2023 02:09 pm IST,  Updated : Apr 17, 2023 02:16 pm IST

अमरनाथ यात्रा 2023 के लिए 13-70 साल के आयु के वयक्ति अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और सभी तीर्थयात्रियों के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट अनिवार्य है।

अमरनाथ यात्रा- India TV Hindi
अमरनाथ यात्रा Image Source : FILE PHOTO

जम्मू-कश्मीर: अमरनाथ यात्रा इस साल 1 जुलाई से शुरू होगी। यह यात्रा 62 दिनों तक चलेगी। यात्रा के लिए आज 17 अप्रैल से ऑफलाइन और ऑनलाइन मोड के जरिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। यात्रा दोनों मार्गों-अनंतनाग जिले में पहलगाम ट्रैक और गांदरबल जिले में बालटाल से शुरू होगी। इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। 

542 बैंक शाखाओं में रजिस्ट्रेशन

अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए देशभर में 542 बैंक शाखाओं में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें पंजाब नेशनल बैंक की 316 शाखाएं, जम्मू-कश्मीर की 90, यस बैंक की 37 और एसबीआई बैंक की 99 शाखाएं शामिल हैं। 

पंजीकरण के लिए कितनी है फीस?

अगर आप भारत के नागरिक है, तो अमरनाथ यात्रा के लिए आपको एडवांस रजिस्ट्रेशन के लिए नामित बैंक शाखाओं के जरिए 120 रुपये प्रति यात्री देने होंगे। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए फीस 220 रुपये प्रति यात्री है। वहीं, अगर आप एनआरआई के कैटेगरी में आते हैं, तो पीएमबी के माध्यम से 1520 रुपये प्रति यात्री शुल्क देय है। 

वहीं, इस साल रजिस्ट्रेशन में एक नई सुविधा आधार-बेस्ड रजिस्ट्रेशन है। इसमें रेजिस्ट्रेशन के लिए तीर्थयात्रियों के अंगूठे का स्कैन लिया जाएगा। जारी गाइडलाइंस के मुताबिक, 13-70 साल के आयु के व्यक्ति अमरनाथ यात्रा 2023 के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और सभी तीर्थयात्रियों के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट अनिवार्य है। वहीं, 6 सप्ताह या उससे अधिक की गर्भवती महिलाओं को यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई है। 

रजिस्ट्रेशन के लिए डॉक्यूमेंट

  • एप्‍ल‍िकेशन फॉर्म फिल होना चाहिए
  • श्रद्धालु का हेल्थ सर्टिफिकेट
  • चार पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ

अमरनाथ यात्रा को लेकर क्या बोले उपराज्यपाल?

जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 14 मार्च को तीर्थ यात्रा कार्यक्रम की तारीखों की घोषणा करते हुए कहा कि प्रशासन सुचारू और निर्बाध तीर्थ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अमरनाथ यात्रा को लेकर उन्होंने कहा, "परेशानी मुक्त तीर्थ यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन आने वाले सभी श्रद्धालुओं और सेवा प्रदाताओं को सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य सेवा और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करेगा।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत