1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. LPG संकट के बीच गैस सिलेंडर फटने से दुकानों में लगी भीषण आग, मच गया हड़कंप

LPG संकट के बीच गैस सिलेंडर फटने से दुकानों में लगी भीषण आग, मच गया हड़कंप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 13, 2026 06:57 am IST,  Updated : Mar 13, 2026 08:32 am IST

ओडिशा के अंगुल जिले में गैस सिलेंडर फटने से दुकानों में भीषण आग लग गई। इस घटना से हड़कंप मच गया। आग पर काबू करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।

 gas cylinder- India TV Hindi
गैस सिलेंडर फटने से लगी आग Image Source : REPORTER INPUT

अंगुल: ओडिशा के अंगुल जिले में गुरुवार को एक बड़ी आग की घटना सामने आई। यहां एक दुकान के अंदर गैस सिलेंडर फटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना बंतला चौक पर हुई, जहां एक छोटी सी खाने-पीने के दुकान में रखे एलपीजी सिलेंडर के अचानक फटने की बात सामने आई है। सिलेंडर में हुए तेज धमाके के बाद देखते ही देखते दुकान में आग लग गई और आग ने तेजी से पूरे कॉम्प्लेक्स को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकानों को भारी नुकसान हुआ।

दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना के समय इलाके के लोगों ने जब दुकान से उठती तेज लपटें और धुएं का गुबार देखा तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान जलने लगी और आसपास के लोग डर और घबराहट में इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और तुरंत फायर ब्रिगेड तथा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग को नियंत्रित करने के लिए दो दमकल गाड़ियों को लगाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास कर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की, ताकि पास की अन्य दुकानों को नुकसान न पहुंचे। हालांकि आग की तीव्रता काफी अधिक थी और इसे काबू में करने में काफी समय लगा।

बताया जा रहा है कि यह भीषण आग करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक जलती रही। इस दौरान इलाके में भारी दहशत का माहौल बना रहा। घटना के समय किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर सामने नहीं आई, जिससे लोगों ने कुछ राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, सिलेंडर विस्फोट और उसके बाद लगी आग में 10 से अधिक अलग-अलग दुकानों के जलकर खाक हो जाने बात कही जा रही है। आग की वजह से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर स्थिति का जायजा ले रही हैं और आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। साथ ही घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है कि आखिर सिलेंडर विस्फोट कैसे हुआ और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

इस अचानक हुई घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी और लोगों को गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर एक बार फिर सतर्क कर दिया है। (इनपुट: ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत