1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पत्नी, बहू और 4 साल की पोती को दी दर्दनाक मौत, बाहर गया हुआ था बेटा, घर लौटा तो 3 लाशें देख चीख पड़ा

पत्नी, बहू और 4 साल की पोती को दी दर्दनाक मौत, बाहर गया हुआ था बेटा, घर लौटा तो 3 लाशें देख चीख पड़ा

 Published : Mar 12, 2026 04:07 pm IST,  Updated : Mar 12, 2026 04:07 pm IST

ओडिशा के देवगढ़ में एक शख्स ने अपनी पत्नी, बहू और 4 साल की पोती की हत्या कर दी। तीनों पर उसने भारी हथौड़े से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक बहू और पोती।- India TV Hindi
मृतक बहू और पोती। Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के देवगढ़ जिले में बुधवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, बहू और 4 साल की पोती की हथौड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

क्या है पूरा मामला?

यह वारदात कुंढेइगोला थाना क्षेत्र के गरियापाली गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान 52 साल के रमेश गरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात उसका अपनी पत्नी गुल गरिया से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने हथौड़े से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। हमले के दौरान उसकी बहू लिपि और 4 साल की पोती ईशानी बीच बचाव करने आईं। लेकिन आरोपी ने उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घर से बाहर गया हुआ था बेटा

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी एक कुल्हाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। वारदात के समय आरोपी का बेटा घर पर मौजूद नहीं था। वह पेशे से ड्राइवर है और काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। जब वह घर लौटा तो उसने अपनी मां, पत्नी और बेटी को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद उसने तुरंत कुंधेइगोला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही देवगढ़ के एसपी अनिल कुमार मिश्रा और एसडीपीओ रमेश महाना समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

हत्या में इस्तेमाल हुआ हथौड़ा।
Image Source : REPORTER INPUTहत्या में इस्तेमाल हुआ हथौड़ा।

पुलिस ने क्या कहा?

SP अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे यह घटना हुई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया है। पूरी रात अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश की। घने जंगलों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चल पाया।

एसपी अनिल कुमार मिश्रा ने आगे बताया कि मामले की जांच के लिए साइंटिफिक टीम को भी बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने फरार आरोपी की तस्वीर बॉर्डर जिलों के थानों और अन्य इलाकों में भेज दी है ताकि उसकी जल्द गिरफ्तारी हो सके। फिलहाल पुलिस लगातार तलाशी अभियान चला रही है और आरोपी को पकड़ने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पड़ोसी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गई बहू तो सास का तकिए से घोंट दिया गला, 8 दिन बाद खुला राज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।