1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लद्दाख के माउंट कुन पर हिमस्खलन की चपेट में आई सेना की टुकड़ी, एक जवान शहीद, तीन लापता

लद्दाख के माउंट कुन पर हिमस्खलन की चपेट में आई सेना की टुकड़ी, एक जवान शहीद, तीन लापता

 Published : Oct 10, 2023 06:56 am IST,  Updated : Oct 10, 2023 08:46 am IST

लद्दाख में सेना की एक टुकड़ी हिमस्खलन की चपेट में आई गई। इस हादसे में एक जवान की मौत हो गई जबकि तीन जवान लापता बताए जा रहे हैं। इनकी खोज और बचाव के लिए सेना अभियान चला रही है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा माउंट कुन पर हुआ।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : फाइल

लद्दाख : लद्दाख के माउंट कुन पर हिमस्खलन की चपेट में आने से भारतीय सेना के जवान की मौत हो गई जबकि तीन जवान लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में मृत जवान का शव बरामद कर लिया गया है। लापता तीन जवान बर्फ में फंसे हुए हैं, इन लोगों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। 

40 लोगों का एक दल हिमस्खलन की चपेट में आया

सेना से मिली जानकारी के मुताबिक लद्दाख स्थित हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल (एचएडब्ल्यूएस) और भारतीय सेना के आर्मी एडवेंचर विंग से जुड़े लोग माउंट कुन के पास नियमित प्रशिक्षण की गतिविधियों में लगे हुए थे। इसी दौरान करीब 40 लोगों का एक दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया। 

खोज और बचाव अभियान जारी 

इस दौरान सेना के चार जवान बर्फ में फंस गए। एक जवान की मौत हो गई जबकि बाकी के तीन जवानों की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक खराब मौसम के बावजूद बर्फ में फंसे जवानों को निकालने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

इस साल फरवरी में जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग के ऊपरी इलाकों में भारी हिमस्खलन हुआ, जिसके कारण पोलैंड के दो पर्यटकों की मौत हो गई थी और 21 लोग फंस गए थे जिन्हें बाद में बचा लिया गया था। वहीं पहले अप्रैल महीने में पूर्वी सिक्किम के नाथुला इलाके में हुए भीषण हिमस्खलन में सात पर्यटकों की मौत हो गई थी और 25-30 पर्यटक और छह वाहन बर्फ में फंस गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत