1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: PG में गैस लीक के बाद धमाका, पश्चिम बंगाल के 8 मजदूर झुलसे; मालिक पर FIR

VIDEO: PG में गैस लीक के बाद धमाका, पश्चिम बंगाल के 8 मजदूर झुलसे; मालिक पर FIR

 Reported By: T Raghavan Written By: Malaika Imam
 Published : Jul 23, 2026 02:27 pm IST,  Updated : Jul 23, 2026 02:41 pm IST

जांच में पता चला है कि उस रूम में रहने वाले सभी पश्चिम बंगाल के हैं। PG मालिक और इसे लीज पर लेकर चलाने वाले संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पीजी में गैस लीक से ब्लास्ट- India TV Hindi
पीजी में गैस लीक से ब्लास्ट Image Source : REPORTER INPUT

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके बोम्मसंद्रा में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां वर्करों के लिए बने एक पेइंग गेस्ट (PG) में संदिग्ध गैस लीक के कारण अचानक भीषण धमाका हो गया। इस हादसे में 8 मजदूर झुलस गए हैं। धमाके के तुरंत बाद कमरे में आग लग गई।

यह घटना हेब्बागोडी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले आनेकल तालुका के बोम्मसंद्रा इलाके की है। जानकारी के अनुसार, हादसा श्री साई कम्फर्ट पीजी नाम की एक इमारत की दूसरी मंजिल पर हुआ।

शुरुआती जांच और रिपोर्टों के मुताबिक, कमरे में संभवतः रात के समय गैस लीक हो रही थी। सुबह उठकर जैसे ही एक कर्मचारी ने कमरे की लाइट जलाई, स्पार्क के कारण जोरदार धमाका हो गया। धमाके का प्रभाव इतना तेज था कि आग पल भर में उस मंजिल के बाकी कमरों में फैल गई।

घायल मजदूरों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

धमाके की आवाज सुनते ही आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

सभी 8 घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे का शिकार हुए सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और यहां रहकर काम करते थे।

PG प्रबंधन पर दर्ज हुआ केस

जिस इमारत में यह हादसा हुआ, वह 18 कमरों की प्रॉपर्टी है, जो नागराज रेड्डी नामक व्यक्ति की है। उन्होंने इसे लीज पर दिया हुआ था और वर्तमान में इसे लिंगराजू नाम का व्यक्ति चला रहा था।

हेब्बागोडी पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में PG मालिक नागराज रेड्डी और इसे लीज पर लेकर चलाने वाले संचालक लिंगराजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है। बीते दिनों यूपी के फतेहपुर जिले से गैस लीक की घटना सामने आई थी। गैस लीक होने से एक जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें में 9 लोग घायल हो गए थे।

ये भी पढ़ें-

सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जमानत रद्द, 3 हफ्ते में सरेंडर करने का आदेश

'संसद चलो' प्रदर्शन में हुए बवाल का मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा, NIA से जांच कराने की मांग; कल होगी सुनवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत