1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. क्लास से बाहर निकाला, बुरी तरह पीटा, 7वीं के छात्र ने घर आकर किया सुसाइड अटेम्प्ट; बेंगलुरु में जयपुर के अमायरा जैसा केस

क्लास से बाहर निकाला, बुरी तरह पीटा, 7वीं के छात्र ने घर आकर किया सुसाइड अटेम्प्ट; बेंगलुरु में जयपुर के अमायरा जैसा केस

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jul 15, 2026 09:42 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 09:46 pm IST

बेंगलुरु में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 7वीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगाकर सुसाइड की कोशिश की। यह घटना जयपुर के अमायरा केस जैसी लग रही है।

बेंगलुरु पुलिस- India TV Hindi
बेंगलुरु पुलिस Image Source : PTI

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक प्राइवेट स्कूल में प्रताड़ना और पिटाई का शिकार होने के बाद 7वीं कक्षा के एक छात्र ने आत्महत्या करने की कोशिश की। आत्मघाती कदम उठाने से पहले छात्र ने अपनी बहन को इसकी जानकारी दी थी। सुसाइड की कोशिश के बाद छात्र को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने स्कूल मैनेजमेंट और टीचर्स के खिलाफ FIR दर्ज की है। 

क्या है पूरा मामला?

यह घटना मंगलवार को हुई। पुलिस ने बताया कि छात्र यहां मरियप्पनपाल्या इलाके के एक स्कूल में पढ़ता है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि एक अन्य छात्र के साथ की गई किसी शरारत को लेकर टीचर ने उसे फटकार लगाई थी और क्लास से बाहर जाने को कहा था। पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि छात्र के पिता की शिकायत पर ज्ञानभारती थाने में स्कूल प्रबंधन के सचिव, प्रिंसिपल और 2-3 टीचर्स के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

RTE के तहत पढ़ाई कर रहा है छात्र

पीड़ित छात्र शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम, 2009 के तहत स्कूल में पढ़ाई कर रहा है। छात्र के पिता ने आरोप लगाया है कि 14 जुलाई को स्कूल के संस्थापक सचिव, प्रिंसिपल और दो-तीन शिक्षकों ने किसी अज्ञात वजह से छात्र पर अपना गुस्सा निकाला और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं। शिकायत में कहा गया है, "पिटाई के कारण हुए अत्यधिक दर्द और डर की वजह से मेरे बेटे ने उसी शाम फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।"

कुछ दिनों से स्कूल जाने से मना कर रहा था छात्र

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से उनका बेटा लगातार स्कूल जाने से मना कर रहा था। छात्र का कहना था कि टीचर, प्रिंसिपल, स्कूल प्रबंधन के सचिव और यहां तक कि अन्य छात्रों के माता-पिता भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पिता ने बताया कि वह अपने बेटे को लगातार समझा-बुझा रहे थे और उन्होंने वादा किया था कि मौजूदा शैक्षणिक वर्ष पूरा होने के बाद वे उसका दाखिला किसी दूसरे स्कूल में करा देंगे।

पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपों की जांच कर रहे हैं।

बुलिंग से तंग आकर स्कूल की चौथी मंजिल से कूद गई थी अमायरा

बता दें कि बीते साल राजस्थान के जयपुर में ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था। 9 साल की छात्रा अमायरा ने बुलिंग से तंग आकर स्कूल की चौथी मंजिल से कूद कर अपनी जान दे दी थी। पांच दिन पहले भी बेंगलुरु में ऐसी ही घटना हुई थी जिसमें स्कूल में 20 रुपये फाइन लगाने पर एक लड़की ने सुसाइड कर लिया था।

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

टीचर की डांट के बाद 13 साल की छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, रात को फंदे से लटकी हुई मिली लाश

बेंगलुरु में तालाब से बरामद हुआ 20 वर्षीय छात्रा का शव, बॉयफ्रेंड को मैसेज भेज कर खुदकुशी की बात कही थी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत