नई दिल्लीः लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक फ़्लाइट को उड़ान भरने से ठीक पहले बम की धमकी मिली। विमान के टॉयलेट में मिले टिश्यू पेपर पर बम की धमकी लिखी हुई मिली। इसके बाद अधिकारियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए। अलर्ट मिलने के बाद, सुरक्षा एजेंसियों ने विमान और उसके आस-पास के इलाकों की बारीकी से जांच की। बम की यह धमकी तब मिली जब फ़्लाइट लखनऊ से उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। फ़्लाइट में लगभग 180 यात्री सवार थे।
जांच के बाद फ्लाइट की गई रवाना
अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ-दिल्ली की एक उड़ान में देरी हुई क्योंकि उड़ान भरने से ठीक पहले बम की झूठी धमकी मिली थी। लगभग 180 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो की यह उड़ान सुबह 10.45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी। विमान के क्रू को विमान में बम होने की धमकी के बारे में जानकारी मिली थी।
इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, ''12 जून 2026 को लखनऊ से दिल्ली जाने वाली IndiGo की फ़्लाइट 6E 2111 में उड़ान भरने से ठीक पहले बम धमकी का पता चला। तय नियमों के अनुसार, हमने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया और ज़रूरी सुरक्षा जांच में उनके साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। ज़रूरी मंज़ूरी मिलने के बाद विमान दिल्ली के लिए अपनी यात्रा पूरी करेगा। हमें अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हम इसे कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, जिसमें उन्हें रिफ्रेशमेंट देना और समय-समय पर जानकारी देना शामिल है। हमेशा की तरह, हमारे ग्राहकों, क्रू और विमान की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है''।
यहां देखें वीडियो
पहले भी सामने आ चुके हैं इस तरह के मामले
इस घटना से पहले अभी हाल में ही मुंबई से कन्नूर जाने वाली इंडिगो की एक फ़्लाइट में केबिन क्रू को एक नोट मिला था, जिसमें बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। बुधवार को कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद इस वजह से इमरजेंसी सिक्योरिटी रिस्पॉन्स शुरू करना पड़ा। दोपहर करीब 3:20 बजे फ़्लाइट के उतरने के बाद, विमान के एक टॉयलेट में रखे कचरे के डिब्बे में यह नोट मिला था।
ये भी पढ़ेंः नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी; अयोध्या को लेकर कही ये बात
NEET Re-Exam: अभूतपूर्व सुरक्षा घेरे के बीच होगी नीट की परीक्षा, जानें क्या क्या किए गए हैं बदलाव?