1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राष्ट्रपति मुर्मू के कार्यक्रम में जा रही बस पलटी, 1 की मौत और कई घायल

राष्ट्रपति मुर्मू के कार्यक्रम में जा रही बस पलटी, 1 की मौत और कई घायल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Nov 15, 2022 03:01 pm IST,  Updated : Nov 15, 2022 03:01 pm IST

शहडोल में जनजातीय दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु- India TV Hindi
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु Image Source : ANI

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में आयोजित राष्ट्रपति के कार्यक्रम में हिस्सा लेने जबलपुर से जा रहे लोगों से भरी बस कटनी जिले में पलट गई। इस हादसे में एक की मौत हो गई है और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। शहडोल में जनजातीय दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। 

राज्य के अलग-अलग हिस्सों से सैकड़ों की तादाद में लोग शहडोल पहुंचे। जबलपुर से एक यात्री बस कुछ लोगों को लेकर शहडोल की ओर जा रही थी, तभी यह बस उमरिया पान थाना क्षेत्र के सिहोरा रोड पर पकरिया गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, वहीं 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इन सभी को विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया है।

 राष्ट्रपति बनने के बाद मध्य प्रदेश की पहली यात्रा

गौरतबल है कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर आज जबलपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति बनने के बाद मुर्मू की मध्य प्रदेश की यह पहली यात्रा है। राष्ट्रपति लालपुर, शहडोल में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय सम्मेलन में शामिल होने प्रदेश की यात्रा पर हैं। 

इससे पहले राष्ट्रपति पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मंगलवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची थीं, जहां उनका स्वागत राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। एयरपोर्ट पर मुर्मू को 'गार्ड ऑफ ऑनर' पेश किया गया। इसके बाद वह सेना के हेलीकॉप्टर से सीधे खूंटी के उलिहातू में स्थित बिरसा मुंडा के स्मारक पर पहुंचीं, जहां उन्होंने वीर शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत