1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मौत का कारण बना 'इलेक्ट्रॉनिक लॉक', दिवाली पर कानपुर में 3 लोगों की घर में दम घुटने से मौत

मौत का कारण बना 'इलेक्ट्रॉनिक लॉक', दिवाली पर कानपुर में 3 लोगों की घर में दम घुटने से मौत

 Published : Nov 01, 2024 06:33 pm IST,  Updated : Nov 01, 2024 06:41 pm IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिवाली के दिन घर में आग लगने के कारण कारोबारी, पत्नी और उनके घर के मेड की दम घुटने से मौत हो गई है।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : ANI

दिवाली के दिन देश के विभिन्न हिस्सों से हादसों की कई खबरें सामने आई हैं। ऐसी ही एक दर्दनाक हादसे की खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से भी आई है। यहां दिवाली के दिन घर में आग लगने के बाद एक कारोबारी, उनकी पत्नी और उनकी नौकरानी की कथित तौर पर दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना के बारे में बताया है कि घर में बने लकड़ी के मंदिर में आग लगने के कारण ये हादसा हुआ है।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के मुताबिक, ये हादसा कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र के पांडु नगर की है। यहां सुबह करीब 3 बजे यहां एक घर में बने लकड़ी के मंदिर में आग लग गई। इस कारण दम घुटने से कारोबारी संजय श्याम दसानी, उनकी पत्नी कनिका और घरेलू सहायिका छवि चौहान की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कारोबारी के घर में देर रात पूजा-अर्चना की थी और घर के मंदिर में दीया जलाया था।

इलेक्ट्रॉनिक लॉक बनी मौत की वजह

पुलिस ने बताया है कि कारोबारी, उनकी पत्नी और नौकरानी तीनों ही दीया जलाकर सोने के लिए पहली मंजिल पर अपने कमरे में चले गए थे। जब घर में आग फैली तब वे सो रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दंपति ने अपने कमरे में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगाया हुआ था। आग लगने के समय वे घबराहट में लॉक को अनलॉक करने के लिए सही कोड दबाने में विफल रहे। उन्होंने अपने कमरे के दरवाजे खोलने की कोशिश की, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक लॉक के कारण वे ऐसा नहीं कर पाए।

अस्पताल जाकर भी नहीं बची जान

पुलिस ने बताया है कि दंपति का बेटा जब 4 बजे दोस्तों के साथ दिवाली मनाकर वापस लौटा तो उसने घर में आग लगी देखी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेट के कर्मी आए और आग को बुझाया गया। दंपति और घरेलू सहायिका तीनों को ही जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- शमशाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ी गई करोड़ों की ड्रग्स, बैंकॉक से लाए थे आरोपी

आम की गुठली का दलिया खाने से दो की मौत, 6 की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत