1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोचिंग सेंटर संचालक के पास से बरामद 136 हाथ से लिखे सवालों में से 111 प्रश्न NEET परीक्षा में आए, CBI का बड़ा खुलासा

कोचिंग सेंटर संचालक के पास से बरामद 136 हाथ से लिखे सवालों में से 111 प्रश्न NEET परीक्षा में आए, CBI का बड़ा खुलासा

 Reported By: Atul Bhatia Written By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 16, 2026 11:51 am IST,  Updated : Jul 16, 2026 11:55 am IST

NEET-UG 2026 पेपर लीक केस में बड़ा खुलासा हुआ है। CBI ने दिल्ली की अदालत में खुलासा किया कि लातूर के कोचिंग सेंटर संचालक के मोबाइल फोन में मिले 136 हाथ से लिखे सवालों में से 111 प्रश्न NEET-UG 2026 के मास्टर प्रश्न सेट से मेल खाए।

NEET UG 2026 paper leak- India TV Hindi
नीट पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ा खुलासा किया है। Image Source : PTI (प्रतीकात्मक फोटो)

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही CBI ने दिल्ली की एक अदालत में बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी ने कहा है कि मामले में गिरफ्तार लातूर के एक कोचिंग सेंटर संचालक के मोबाइल फोन से बरामद 136 हाथ से लिखे केमिस्ट्री के सवालों में से 111 सवाल NEET-UG 2026 के मास्टर प्रश्न सेट से मेल खाते थे। CBI ने यह जानकारी आरोपी की जमानत याचिका का विरोध करते हुए अदालत में दाखिल जवाब में दी।

किसके मोबाइल से मिले सवाल?

CBI के मुताबिक, ये सवाल शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से बरामद हुए। शिवराज महाराष्ट्र के लातूर में रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेज चलाते हैं और 'Motegaonkar Sir's RCC' नाम से एक यूट्यूब चैनल भी संचालित करते हैं, जिसके करीब 1.68 लाख सब्सक्राइबर हैं।

CBI का दावा क्या है?

एजेंसी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि सह-आरोपी आदित्य मोटेगांवकर ने सह-आरोपी पी. वी. कुलकर्णी की स्पेशल क्लासेस में हिस्सा लिया था। CBI का आरोप है कि इन्हीं कक्षाओं में लीक हुए केमिस्ट्री के सवाल उपलब्ध कराए गए थे। इसके बाद आदित्य ने उन सवालों के हस्तलिखित नोट्स तैयार किए। जांच के दौरान, शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल से 36 तस्वीरें (जिनमें 5 डुप्लीकेट थीं) बरामद हुईं।

इनमें 132 हस्तलिखित केमिस्ट्री के प्रश्न मिले, जो प्रथम दृष्टया शिवराज मोटेगांवकर की लिखावट में पाए गए। CBI ने अदालत को बताया कि शुरुआती जांच में करीब 111 सवाल NTA की तरफ से तैयार किए गए NEET-UG 2026 के मास्टर प्रश्न सेट से मेल खाते हैं।

परीक्षा से दो सप्ताह पहले के हैं सवाल

CBI के अनुसार, मोबाइल में मौजूद इन तस्वीरों की कैप्चर डेट 23 अप्रैल 2026 है, जबकि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी। यानी ये सवाल परीक्षा से करीब दो सप्ताह पहले मोबाइल में मौजूद थे।

अस्पताल परिसर में मिले थे प्रश्न

CBI का दावा है कि शिवराज मोटेगांवकर को ये प्रश्न लातूर के सिद्धिविनायक हॉस्पिटल परिसर में मिले थे। यह अस्पताल शहर के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे की तरफ से संचालित है। जांच एजेंसी का आरोप है कि प्रश्नपत्र NTA के पैनल सदस्य और अनुवादक पी. वी. कुलकर्णी ने लीक किए थे।

टेलीग्राम के जरिए 10 लाख रुपये में बेचने का आरोप

CBI के मुताबिक, लीक हुए प्रश्नपत्रों की PDF फाइलें टेलीग्राम के जरिए 10 लाख रुपये में बेची गईं। एजेंसी ने यह भी दावा किया कि करीब 150 पन्नों का एक 'गेस पेपर', जिसमें 410 प्रश्न थे, कुछ अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा से कई सप्ताह पहले ही बांटा गया था। CBI के अनुसार, इस गेस पेपर के करीब 120 प्रश्न NEET-UG 2026 की केमिस्ट्री की परीक्षा में पूछे गए।

अबतक हो चुकी हैं 13 गिरफ्तारियां

CBI ने बताया कि इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें शिक्षक और छात्र शामिल हैं। ये गिरफ्तारियां दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से हुई हैं।

22.7 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा

इस वर्ष 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में 22.7 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 12 मई 2026 को परीक्षा रद्द कर दी थी। इससे पहले, NEET Exam के सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़ भी हुआ था, जिसमें बायोमेट्रिक कंपनी के कर्मियों के साथ मिलकर पूरा खेल रचा गया था

ये भी पढ़ें- NEET का फर्जी पेपर बेचने वाले रैकेट का पर्दाफाश, AI से तैयार किया नकली प्रश्नपत्र, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत