1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में NEET का फर्जी पेपर बेचने वाले रैकेट का पर्दाफाश, AI से तैयार किया नकली प्रश्नपत्र, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

इंदौर में NEET का फर्जी पेपर बेचने वाले रैकेट का पर्दाफाश, AI से तैयार किया नकली प्रश्नपत्र, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 22, 2026 01:31 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 01:31 pm IST

इंदौर पुलिस ने एक लॉ स्टूडेंट को NEET अभ्यर्थियों को नकली प्रश्नपत्र बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि शख्स एआई की मदद से फर्जी पेपर तैयार करके छात्रों को बेच रहा था।

mp news- India TV Hindi
नीट का फर्जी पेपर बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के इंदौर में री-नीट परीक्षा में सफलता का शॉर्टकट बेचकर छात्रों को ठगने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने री-नीट का पेपर बेचने की जानकारी मिलने के बाद इंदौर क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर फर्जी पेपर रैकेट का पर्दाफाश किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कोई प्रोफेशनल साइबर ठग नहीं, बल्कि एक लॉ कॉलेज का फर्स्ट ईयर का छात्र है, जो फर्जी पेपर बेचकर नीट एस्पिरेंट्स से पैसे ठग रहा था। आरोपी इंस्टाग्राम पर नीट पेपर लीक होने का दावा करके छात्रों को अपने जाल में फंसाता था और मात्र 50 से 100 रुपये लेकर उन्हें कथित प्रश्नपत्र बेचता था।

एआई से तैयार करता था पेपर

जांच में खुलासा हुआ कि युवक जो पेपर नीट छात्रों को बेच रहा था, वह पेपर असली नहीं बल्कि एआई टूल और चैट जीपीटी की मदद से तैयार किए गए फर्जी प्रश्नपत्र थे। फिलहाल पुलिस आरोपी के पूरे डिजिटल नेटवर्क और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच में जुटी है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के कोटा से मिले इनपुट और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय मालवीय को गिरफ्तार किया।

इंस्टाग्राम पर डालता था पेपर लीक से जुड़ी पोस्ट

आरोपी इंस्टाग्राम पर नीट पेपर लीक से जुड़ी पोस्ट डालता था और छात्रों को मैसेज के जरिए संपर्क कर कथित प्रश्नपत्र खरीदने का लालच देता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने करीब 20 छात्रों को 50 से 100 रुपये लेकर फर्जी प्रश्नपत्र भेजे थे। छात्रों को जो पीडीएफ भेजी जाती थी, वह पुराने प्रश्नपत्रों और एआई टूल्स की मदद से तैयार की गई थी। आरोपी ने चैट जीपीटी और अन्य एआई प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर प्रश्नों का सेट तैयार किया और उसे असली नीट पेपर बताकर बेचता रहा। पुलिस को आरोपी के मोबाइल और डिजिटल डिवाइस से कई फर्जी प्रश्नपत्र, चैट रिकॉर्ड और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े सबूत मिले हैं।

कार्रवाई को परीक्षा तक गोपनीय रखा गया

परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित न हो, इसलिए पूरी कार्रवाई को परीक्षा समाप्त होने तक गोपनीय रखा गया। अब क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में आरोपी अकेला शामिल था या उसके साथ कोई और भी सक्रिय था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। डॉक्टर बनने का सपना देख रहे छात्रों को इंस्टाग्राम के जरिए ठगने वाला लॉ कॉलेज का फर्स्ट ईयर छात्र अब पुलिस गिरफ्त में है। एआई और चैट जीपीटी की मदद से फर्जी नीट पेपर तैयार कर बेचने वाले आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस उसके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

(रिपोर्टः भारत पाटिल)

ये भी पढ़ेंः गुना में 55 लाख का डोडाचूरा जब्त, राजस्थान से एमपी आ रही थी 106 किलो से ज्यादा की खेप, एक आरोपी गिरफ्तार

बंदूक लेकर पढ़ाने स्कूल जाता था शिक्षक, ग्रामीणों ने बना लिया वीडियो, अब नोटिस के बाद नौकरी पर लटकी तलवार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।