1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पंचतत्व में विलीन हुए सीडीएस रावत, बेटियों ने दी मुखाग्नि, 17 तोपों की दी गई सलामी

पंचतत्व में विलीन हुए सीडीएस रावत, बेटियों ने दी मुखाग्नि, 17 तोपों की दी गई सलामी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 10, 2021 05:02 pm IST,  Updated : Dec 10, 2021 06:10 pm IST

हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वाले देश के शीर्ष सैन्य अधिकारी सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को शुक्रवार को दिल्ली कैंट के बरार स्क्वायर श्मशान घाट पर दोनों बेटियों कृतिका और तारिणी ने मुखाग्नि दी

पंचतत्व में विलीन हुए सीडीएस रावत, बेटियों ने दी मुखाग्नि, 17 तोपों की दी गई सलामी- India TV Hindi
पंचतत्व में विलीन हुए सीडीएस रावत, बेटियों ने दी मुखाग्नि, 17 तोपों की दी गई सलामी Image Source : INDIA TV

Highlights

  • बेटियों ने माता-पिता सीडीएस जनरल बिपिन रावत और मां मधुलिका का किया अंतिम संस्कार
  • तीनों सेनाओं के अध्यक्षों ने दी देश के पहले CDS को दी श्रद्धांजलि
  • रक्षांमंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के सीएम ने भी दी श्रद्धांजलि

CDS General Bipin Rawat last rites: हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वाले देश के शीर्ष सैन्य अधिकारी सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को शुक्रवार को दिल्ली कैंट के बरार स्क्वायर श्मशान घाट पर दोनों बेटियों  कृतिका और तारिणी ने मुखाग्नि दी। जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी के शव भी एक साथ ही चिता पर रखे गए थे। दिवंगत सीडीएस जनरल बिपिन रावत की अंतिम यात्रा में जब तक सूरज चांद रहेगा, बिपिन जी का नाम रहेगा... अमरता के इन नारों की गूंज के बीच अंतिम यात्रा में हजारों लोग हमसफर बने। आंखें नम थीं, लेकिन वीरता का गर्व भी था और उसके सम्मान में पुष्पवर्षा करते रहे। मां भारती के वीर सपूत के लिए नारे लगाते रहे।

17 तोपों की सलामी भी दी गई

दिवंगत सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को 17 तोपों की सलामी भी दी गई। जनरल रावत और उनकी पत्नी  मधुलिका रावत की अंतिम यात्रा पूरे सैन्य सम्मान के साथ निकाली गई। परिवार के अन्य सदस्य भी दिवंगत जनरल रावत की अंतिम विदाई में शामिल हुए। तीनों सेनाओं के अध्यक्षों ने दी देश के पहले CDS को श्रद्धांजलि। इस मौके पर जनरल बिपिन रावत के छोटे भाई का परिवार, मधुलिका रावत की फैमिली के लोग भी मौजूद थे। यही नहीं बड़ी संख्या में सैनिकों के परिवार, राजनीतिक हस्तियां, कई देशों के सेनाध्यक्ष और राजनियक भी मौजूद थे। 

रक्षांमंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के सीएम ने भी दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बरार स्क्वायर श्मशान घाट पहुंचकर CDS जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीडीएस जनरल बिपिन रावत की अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। 3, कामराज मार्ग से निकली अंतिम यात्रा में लोग कई जगहों पर नम आंखों के साथ पुष्पवर्षा करते दिखे। इस अंतिम यात्रा में आम लोगों के साथ ही पड़ोसी देश श्रीलंका, भूटान, बांग्लादेश और नेपाल के टॉप कमांडर भी शामिल हुए। जनरल बिपिन रावत किस कद के सैन्य अधिकारी थे, इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि इजरायल, अमेरिका, फ्रांस और रूस समेत कई देशों ने उनकी मौत पर शोक जाहिर किया है।  

बता दें कि, बुधवार को ही तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में कुन्‍नूर में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत एवं 11 अन्य सैन्य अफसरों की मौत हो गई थी। गुरुवार को सभी के पार्थिव शरीर विशेष विमान से दिल्‍ली लाए गए थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत