ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को पुरी में एक मंदिर के पास हुई भगदड़ के लिए माफी मांगी है। सीएम माझी ने ये माफी भगवान जगन्नाथ के भक्तों से मांगी है। पुरी में हुई भगदड़ में तीन लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों ने कहा कि रविवार तड़के श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ में तीन लोगों की जान गई है। करीब 50 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
सीएम ने जगन्नाथ के भक्तों से मांगी माफी
इस हादसे पर सीएम माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ओड़िया भाषा में लिकी पोस्ट कर कहा, ‘मैं और मेरी सरकार सभी जगन्नाथ भक्तों से क्षमा मांगते हैं। हम भगदड़ में अपनी जान गंवाई वाले श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।'
दुख सहने की शक्ति प्रदान करें- सीएम
इसके साथ ही सीएम माझी ने कहा कि वह महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना करते हैं कि वे उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा चूक की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ होगी कार्रवाई
माझी ने कहा, 'यह लापरवाही अक्षम्य है। सुरक्षा चूक की तत्काल जांच की जाएगी और मैंने निर्देश दिया है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।'
रविवार तड़के हुआ ये हादसा
अधिकारियों ने कहा कि श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ की घटना रविवार तड़के करीब चार बजे की है। जब सैकड़ों श्रद्धालु रथ यात्रा उत्सव देखने के लिए मंदिर के पास इकट्ठा हुए थे। उन्होंने कहा कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और छह लोगों की हालत गंभीर है। (भाषा के इनपुट के साथ)