1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हैदराबाद में CPI नेता की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार; जांच में जुटी पुलिस

हैदराबाद में CPI नेता की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार; जांच में जुटी पुलिस

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 15, 2025 01:47 pm IST,  Updated : Jul 15, 2025 01:47 pm IST

हैदराबाद में सीपीआई नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले सीपीआई नेता

भाकपा नेता की हत्या।- India TV Hindi
भाकपा नेता की हत्या। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में मंगलवार की सुबह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक भाकपा नेता के. चंदू नाइक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस दौरान कार से कुछ बदमाश आए और उनको निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। इस घटना में भाकपा नेता की मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। 

मॉर्निंग वॉक के दौरान मारी गोली

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) की राज्य परिषद सदस्य के. चंदू नाइक (47) सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान वह एक पार्क के पास से गुजर रहे थे, तभी कार सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। इस हमले में भाकपा नेता की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व क्षेत्र) एस चैतन्य कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए कहा कि इस वारदात को कम से कम तीन-चार लोगों ने अंजाम दिया। घटनास्थल से इस्तेमाल किए हुए तीन कारतूस और बिना इस्तेमाल किए गए दो कारतूस बरामद किए हैं। 

जांच के लिए दस टीमें गठित

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि कारतूसों की बरामदगी के आधार पर ऐसा लगता है कि गोलीबारी में केवल एक ही हथियार का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम संदिग्ध आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। उन्होंने आगे बताया कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश हो सकती है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच के लिए और हमलावरों को पकड़ने के लिए दस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक चंदू नाइक 2022 में एलबी नगर थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में आरोपी था। नाइक ने अपनी जान को खतरे की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत