1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली से पुणे जा रहे एयर इंडिया के प्लेन से टकराया पक्षी, पायलट को पता तक नहीं चला, लैंडिंग के बाद रिटर्न फ्लाइट कैंसिल

दिल्ली से पुणे जा रहे एयर इंडिया के प्लेन से टकराया पक्षी, पायलट को पता तक नहीं चला, लैंडिंग के बाद रिटर्न फ्लाइट कैंसिल

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 20, 2025 02:35 pm IST,  Updated : Jun 20, 2025 02:43 pm IST

दिल्ली से पुणे के रास्ते में एक पक्षी एयर इंडिया के विमान से टकराया। हालांकि, पायलट को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुणे में विमान लैंड करने के बाद जांच के दौरान इसका खुलासा हुआ।

Air India - India TV Hindi
एयर इंडिया (फाइल फोटो) Image Source : FILE PHOTO

दिल्ली से पुणे जा रहे एयर इंडिया के विमान से शुक्रवार को एक पक्षी टकरा गया। इस वजह से एयरलाइन को इस फ्लाइट की वापसी की यात्रा रद्द करनी पड़ी। अहम बात तो यह थी कि रास्ते में जब पक्षी विमान से टकराया तो पायलट को इसका पता भी नहीं चला। हालांकि, लैंडिंग के बाद जांच में इसका खुलासा हुआ। इसके बाद विमान की वापसी वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतरा और पक्षी टकराने का पता पुणे में उतरने के बाद चला। एयर इंडिया ने कहा कि प्लेन को रोक दिया गया है और इंजीनियरिंग टीम इसकी गहन जांच कर रही है।

एयर इंडिया ने कहा, "20 जून को पुणे से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI-2470 को पक्षी टकराने के कारण रद्द कर दिया गया है, जिसका पता आने वाली फ्लाइट के पुणे में सुरक्षित उतरने के बाद चला।"

यात्रियों के पास दोबारा टिकट बुक करने का विकल्प

एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह फंसे हुए यात्रियों के लिए आवास उपलब्ध कराने सहित सभी व्यवस्थाएं कर रही है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों के पास टिकट रद्द करने या दोबारा बुक करने का विकल्प रहेगा। अगर कोई यात्री अब यात्रा नहीं करना चाहता तो उसके लिए रिफंड की पेशकश भी की जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों को दिल्ली ले जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

एयर इंडिया की 8 फ्लाइट कैंसिल

12 जून को एयर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हो गया था। इस विमान में 242 लोग सवार थे और इनमें से 241 की मौत हो गई थी। विमान जिस इमारत से टकराया था, उसमें भी कई लोग मौजूद थे और आशंका जताई जा रही है कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 300 के पार जा सकती है। अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ विमान टेक ऑफ के कुछ सेकेंड बाद ही हादसे का शिकार हो गया था। अब तक विमान के हादसे की वजह नहीं सामने आई है। अस हादसे के बाद से एयर इंडिया ने अपने सभी विमानों की जांच शुरू कर दी है। इसी वजह से शुक्रवार (20 जून) को एयर इंडिया की आठ फ्लाइट कैंसिल कर दी गईं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत