1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जिला शिक्षा कार्यालय का प्रोग्रामर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार, तलाशी हुई तो मिले नोटों के बंडल, देखें Video

जिला शिक्षा कार्यालय का प्रोग्रामर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार, तलाशी हुई तो मिले नोटों के बंडल, देखें Video

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 08, 2026 08:46 pm IST,  Updated : Oct 08, 2026 08:51 pm IST

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए जिला शिक्षा कार्यालय के प्रोग्रामर को गिरफ्तार किया गया है। जब अधिकारियों ने प्रोग्रामर के ठिकानों की तलाशी ली तो वहां से लाखों रुपये बरामद किए गए हैं।

odisha jagatsinghpur raid officer arrested- India TV Hindi
जगतसिंहपुर जिले में विजिलेंस की रेड। Image Source : REPORTER

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ओडिशा विजिलेंस ने जिला शिक्षा अधिकारी सह जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय के एक प्रोग्रामर को रिश्वत लेते पकड़ा है। आरोपी की पहचान चंद्रजीत परीजा के रूप में हुई है। वह जगतसिंहपुर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी/जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में प्रोग्रामर के पद पर कार्यरत है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, चंद्रजीत परीजा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। आरोप है कि उसने स्कूलों में डिजिटल ब्लैकबोर्ड लगाने के काम से जुड़े लंबित बिलों को जारी कराने के लिए शिकायतकर्ता से यह रकम मांगी थी। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता को जगतसिंहपुर जिले के अलग-अलग स्कूलों में डिजिटल ब्लैकबोर्ड लगाने का काम दिया गया था। काम पूरा होने के बाद उसके बिल का भुगतान लंबित था।

30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग

आरोप है कि चंद्रजीत परीजा खरीद और तकनीकी समिति के सदस्य के तौर पर इन कार्यों का निरीक्षण करता था। उसके द्वारा काम का निरीक्षण और प्रमाणित किए जाने के बाद ही संबंधित व्यक्ति के पक्ष में बिल जारी किया जाना था। विजिलेंस से शिकायतकर्ता ने शिकायत की थी कि उसने कई बार काम के निरीक्षण और बिल जारी कराने के लिए आरोपी से अनुरोध किया, लेकिन इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई। इसके बजाय, आरोप के अनुसार, चंद्रजीत परीजा ने बिल जारी कराने के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी ओडिशा विजिलेंस को दी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को विजिलेंस की टीम ने चंद्रजीत परीजा को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी रकम यानी 30 हजार रुपये आरोपी के कब्जे से बरामद कर जब्त कर ली गई। बता दें कि इससे पहले ओडिशा के बरगढ़ जिले में पंचायत कार्यकारी अधिकारी के ठिकानों पर रेड में 35 प्लॉट, लाखों रुपये नकद बरामद किए गए थे।

तलाशी के दौरान 3.21 लाख रुपये नकद मिले

रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद विजिलेंस ने चंद्रजीत परीजा से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। यह तलाशी आय से अधिक संपत्ति से जुड़े पहलू की जांच के तहत की जा रही है। तलाशी के दौरान बाद में 3.21 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई। विजिलेंस ने इस नकदी को भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

इन धाराओं में मामला दर्ज

इस मामले में विजिलेंस की ओर से कटक विजिलेंस थाना केस नंबर 39, दिनांक 07 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल चंद्रजीत परीजा के खिलाफ जांच जारी है। विजिलेंस की ओर से आरोपी के ठिकानों पर तलाशी भी जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद इस मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- ST/SC विभाग के दो ऑडिटर लाखों रुपये के संदिग्ध कैश के साथ पकड़े गए, सामने आया नोटों के बंडल का Video

ओडिशा में महिला इंजीनियर के ठिकानों पर विजिलेंस की छापेमारी, 7 लाख से ज्यादा कैश बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।