1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पहलगाम आतंकी हमले पर डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की आई प्रतिक्रिया, फ्रांस ने भी जताया दुख

पहलगाम आतंकी हमले पर डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की आई प्रतिक्रिया, फ्रांस ने भी जताया दुख

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 22, 2025 11:02 pm IST,  Updated : Apr 22, 2025 11:10 pm IST

पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर अमेरिका, रूस सहित अन्य देशों ने दुख जताया है। इस जघन्य आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई।

डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन Image Source : PTI

जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने पर्यटकों के समूह को निशाना बनाया है। इस जघन्य आतंकी हमले में अब तक 26 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिसमें दो विदेशी और एक स्थानीय नागरिक हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंचे हैं। टूरिस्टों पर हुए हमले को लेकर देशभर में शोक की लहर है। वहीं, इस जघन्य आतंकी हमले पर अन्य देशों के दिग्गज नेताओं ने भी गहरा दुख जताया है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संवेदनाएं व्यक्त की हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने अपने संदेश में कहा, "मान्यवर श्रीमती राष्ट्रपति, मान्यवर श्री प्रधानमंत्री, कृपया पहलगाम में आतंकवादी हमले के दुखद परिणामों पर मेरी हार्दिक संवेदनाएं स्वीकार करें, जिनके शिकार नागरिक हुए, जिसमें विभिन्न देशों के नागरिक भी थे। इस जघन्य अपराध की कोई भी न्यायोचित व्याख्या नहीं हो सकती। हम उम्मीद करते हैं कि इसके आयोजकों और अपराधियों को उनके किए की सजा मिलनी चाहिए। मैं एक बार फिर से भारत के साथ आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने में सहयोग बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता हूं। कृपया मृतकों के परिजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं और घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा, "पहलगाम में पर्यटकों के खिलाफ हुए जघन्य आतंकी हमले पर भारत के लोगों और सरकार के प्रति गहरी संवेदना। रूस पूरी तरह से भारत के साथ खड़ा है।"

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "कश्मीर से बहुत परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ़ भारत के साथ अमेरिका मजबूती से खड़ा है। हम मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और भारत के अविश्वसनीय लोगों को हमारा पूरा समर्थन और गहरी सहानुभूति है। हमारी संवेदनाएं आप सभी के साथ हैं!"

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, "उषा और मैं भारत के पहलगाम में हुए विनाशकारी आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। पिछले कुछ दिनों में, हम इस देश और इसके लोगों की खूबसूरती से अभिभूत हैं। इस भयावह हमले पर शोक जताते हुए हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।"

भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने लिखा, "जम्मू और कश्मीर में हुए नृशंस हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। फ्रांस आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है।"

ये भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत