1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 63 साल पहले हुई थी Doordarshan की शुरुआत, छोटे से डिब्बे में समाई पूरी दुनिया, तस्वीरों से करिए पुराने वक्त की सैर

63 साल पहले हुई थी Doordarshan की शुरुआत, छोटे से डिब्बे में समाई पूरी दुनिया, तस्वीरों से करिए पुराने वक्त की सैर

 Written By: Shilpa
 Published : Sep 14, 2022 08:27 am IST,  Updated : Sep 15, 2022 06:09 am IST

Doordarshan: लोगों के लिए एक छोटा सा डिब्बा कौतुहल का विषय बन गया। जिसपर चलती बोलती तस्वीरें दिखाई देतीं और जो बिजली से चलता था। ये वो दौर था, जब सबके घरों में टेलीविजन नहीं होता था, बल्कि किसी-किसी के घर में ही होता था।

Television in India- India TV Hindi
Television in India Image Source : INDIA TV

Highlights

  • 15 सितंबर, 1959 में शुरू हुआ दूरदर्शन
  • लॉन्च के लिए कई टीवी सेट लगाए गए थे
  • पहले कुछ देर के लिए हुआ करता था प्रसारण

Doordarshan: आज के समय में हमारे पास संचार से जुड़ी लगभग हर तरह की सुविधा है। तकनीक के दम पर इंसान इतना आगे निकल गया है कि एक ही घर में बैठे लोगों के पास मनोरंजन के लिए अपने अलग-अलग साधन हैं। लेकिन एक दौर ऐसा भी था, जब नेटफ्लिक्स, मोबाइल जैसी चीजों की हमने कल्पना भी नहीं की थी। आज से 63 साल पहले की बात है, जब पहली बार दूरदर्शन के रूप में इंसान को वो मिला, जो किसी सपने के जैसा था। आज की पीढ़ी को शायद ही इस बात का अहसास हो कि हमारी पुरानी पीढ़ी के लिए दूरदर्शन आखिर कितना महत्व रखता था। 15 सितंबर, 1959 के दिन सरकारी प्रसारक के तौर पर दूरदर्शन की स्थापना हुई थी। 

लोगों के लिए एक छोटा सा डिब्बा कौतुहल का विषय बन गया। जिसपर चलती बोलती तस्वीरें दिखाई देतीं और जो बिजली से चलता था। ये वो दौर है, जब सबके घरों में टेलीविजन नहीं होता था, बल्कि किसी-किसी के घर में ही होता था। और जिसके घर में होता था, वहां दूर-दूर से लोग उसे देखने के लिए आते थे। छत पर लगने वाला टेलीविजन का एंटीना मानो प्रतिष्ठा का प्रतीक बन गया। इस सरकारी प्रसारण सेवा के महत्वपूर्ण अंग देश की कला और संस्कृति से जुड़े वो कार्यक्रम थे, जो लोगों का दिल जीत लेते थे।

Television in India
Image Source : SOCIAL MEDIATelevision in India

दिल्ली में लगाए गए थे टीवी सेट

टेलीविजन भारत में तब आया, जब तत्कलीन राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद ने नई दिल्ली में ऑल इंडिया रेडियो द्वारा स्थापित भारत के पहले टीवी स्टेशन (15 सितंबर 1959 को) का उद्घाटन किया। सरकार ने लॉन्च के लिए दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर दो दर्जन टीवी सेट लगाए थे। सभी जगहों पर भारी भीड़ देखी गई थी।

Television in India
Image Source : SOCIAL MEDIATelevision in India

कुछ देर के लिए होता था प्रसारण

जब दूरदर्शन की शुरुआत हुई, तब कुछ देर के लिए ही इसपर कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाता है। वहीं नियमित तौर पर दैनिक प्रसारण की शुरुआत 1965 में ऑल इंडिया रेडियो के हिस्से के रूप में हुई। ये सेवा साल 1982 में मुंबई और अमृतसर तक विस्तारित की गई थी। जो आज के वक्त में दूर दराज के गांवों तक पहुंच गई है। वहीं राष्ट्रीय प्रसारण की बात करें, तो इसकी शुरुआत 1982 में हुई थी। इसी साल दूरदर्शन का स्वरूप रंगीन हो गया। पहले यह ब्लैक एंड व्हाइट हुआ करता था।

Television in India
Image Source : SOCIAL MEDIATelevision in India
  

एंटीना से जुड़ी पुरानी यादें

ये वो दौर था, जब लोग सिनेमा के पर्दे पर लोगों को चलते फिरते देखकर हैरान हुआ करते थे। फिर टेलीविजन के रूप में कुछ इंच का यह जादू घरों तक पहुंचने लगा। घर कितना बड़ा है, इसका अंदाजा उसपर लगे ‘एंटीना’ से लगाया जाता था। शाम के वक्त ‘एंटीना’ की दिशा बदलना और चिल्लाकर पूछना ‘आया’ इस बात का संकेत होता था कि फलाने घर में टेलीविजन पर तस्वीर साफ नहीं आ रही है। ये बातें पुरानी जरूर हैं, लेकिन ज्यादातर लोगों के जहन में आज भी ताजा हैं। देश में ‘बुद्धू बक्सा’ अर्थात दूरदर्शन का आना जितनी बड़ी खबर थी, उतनी ही बड़ी खबर थी उसका रंगीन हो जाना। 25 अप्रैल 1982 ही वह दिन था, जब दूरदर्शन श्वेत श्याम से रंगीन हो गया था। 

Television in India
Image Source : TWITTERTelevision in India

आकाशवाणी से अलग हुआ था दूरदर्शन

भारतीय टेलीविजन के रूप में शुरू हुआ दूरदर्शन पहले आकाशवाणी का हिस्सा हुआ करता था, लेकिन बाद में उससे अलग हो गया। शुरुआत में यूनेस्को की मदद से दूरदर्शन पर हफ्ते में दो दिन केवल एक-एक घंटे के कार्यक्रम प्रसारित हुआ करते थे। जिनका प्रमुख उद्देश्य लोगों को जागरुक करना था। फिर 1965 में रोजाना प्रसारण शुरू हुआ। इसके बाद टेलीविजन पर समाचार आने लगे। कृषि दर्शन भी आया, जो आज के समय में भी दूरदर्शन के विभिन्न चैनलों पर प्रसारित होता है। वहीं चित्रहार पर फिल्मी गाने प्रसारित हुआ करते थे।

Television in India
Image Source : SOCIAL MEDIATelevision in India

1980 का दशक आते-आते दूरदर्शन लगभग हर घर की रौनक बन गया। इसपर प्रसारित होने वाला पहला सीरियल 'हम लोग' था। इसके बाद इसपर 'रामायण' और 'महाभारत' जैसे पौराणिक सीरियल आए, जिन्हें खूब लोकप्रियता मिली। जब भी इनका प्रसारण होता था, तो सड़कें वीरान हो जाया करती थीं। आज बेशक मनोरंजन के तमाम साधन और दुनियाभर के चैनलों की बाढ़ आ गई हो, लेकिन जब भी भारत में टेलीविजन के इतिहास का जिक्र होगा, तब गर्व के साथ दूरदर्शन केंद्र में खड़ा दिखाई देगा।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत