हिमाचल प्रदेश से में आज सुबह सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के पूर्व में करीब 22 किलोमीटर दूर महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.2 दर्ज की गई। हालांकि धरती के इस कंपन्न से अभी तक कोई जानमाल के नुकसान की खबर नहीं आई है। नेशनल सेंटर फॉर सेस्मोलॉजी के मुताबिक सुबह 5 बजकर 17 मिनट पर धर्मशाला से करीब 22 किलोमीटर पूरब की तरफ भूकंप के झटके महसूस किए गए।
Related Stories
कल जोशीमठ में दरकती जमीन को भूकंप ने हिलाया
बताते चलें कि कल भी जोशीमठ से करीब ढाई सौ किलोमीटर दूर उत्तरकाशी में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। कल उत्तराखंड के जोशीमठ में दरकती जमीन के बीच भूकंप आया था। ये भूकंप शुक्रवार रात 2 बजकर 12 मिनट पर महसूस किया गया था। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.9 नापी गई थी। हालांकि इस भूकंप की वजह से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं आई। बताते चलें कि जोशीमठ में भू-धंसाव के चलते 700 से ज्यादा इमारतों में दरार पड़ने से लोगों को विस्थापित किया जा रहा है। यहां तक कि कई जगहों पर सड़कों में भी बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं।
दिल्ली में भी महसूस किये गये थे झटके
गौरतलब है कि करीब एक हफ्ते पहले भी राजधानी दिल्ली में भी भूकंप के झटके महसूस हुए थे। पांच जनवरी को अफगानिस्तान में गुरुवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इस कारण दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी इसके झटके महसूस किये गये थे। हालांकि इस दौरान किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में रात करीब 7:55 बजे भूकंप आया। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के फायजाबाद के 79 किलोमीटर दक्षिण में 200 किलोमीटर की गहराई में था।