देहरादून: पिछले साल आई धराली आपदा के दौरान धर्म बहन बनीं अहमदाबाद की धनगौरी बरोलिया ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस साल डाक द्वारा स्पेशल राखी भेजी है। राखी के साथ बरोलिया ने सीएम को एक भावुक पत्र भी लिखा है जिसमें उन्होंने उत्तरकाशी जिले के धराली में आई आपदा के बाद उनसे हुई मुलाकात को याद किया है।
CM धामी ने क्या कहा?
सीएम धामी ने इस पत्र को अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा है, ''कुछ रिश्ते खून से नहीं, भावनाओं के एक छोटे से धागे से बनते हैं और फिर जीवनभर दिल से जुड़े रहते हैं। बहन धनगौरी जी, आपका यह स्नेह मेरे लिए सदैव अनमोल रहेगा। तब भी हम साथ थे, आज भी साथ हैं और यह रिश्ता हमेशा यूं ही बना रहेगा।''
दुपट्टे की राखी से शुरू हुआ भाई-बहन का रिश्ता
धनगौरी ने पत्र में लिखा है कि धराली में आई भीषण बाढ़ के कारण वहां फंसने वाले लोगों में वह भी शामिल थीं और जब सीएम धामी ने वहां पहुंचकर लोगों से मुलाकात की तब उस दौरान उन्हें भी उनसे मिलने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि उस समय रक्षाबंधन करीब था और मुख्यमंत्री ने उनसे कहा था कि अगर उनके पास राखी हो तो वह उन्हें राखी बांध सकती हैं। उस समय उनके पास राखी नहीं थी इसलिए उन्होंने अपने दुपट्टे का एक छोटा सा टुकड़ा फाड़कर उसे ही राखी मानकर मुख्यमंत्री की कलाई पर बांध दिया।
CM धामी से जुड़ा भावुक रिश्ता
उन्होंने पत्र में लिखा कि उसी दिन उन्होंने पुष्कर सिंह धामी को अपना धर्म भाई मान लिया था। उन्होंने लिखा कि उनके लिए वह मुलाकात आज भी बहुत खास है और उस पल को वह कभी नहीं भूल सकतीं। बरोलिया ने कहा कि धराली की उस मुश्किल घड़ी में मुख्यमंत्री ने वहां फंसे लोगों का हौसला बढ़ाया और उन्हें भरोसा दिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह श्रीकृष्ण द्रौपदी की मदद के लिए आगे आए थे, उसी तरह मुख्यमंत्री भी उस कठिन समय में लोगों के लिए सहारा बने।
धामी के स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना की
धनगौरी ने कहा कि इस वर्ष वह अहमदाबाद में हैं, लेकिन रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी भेजना वह नहीं भूल सकतीं और इसी भाव के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री के लिए राखी भेजी है। पत्र के अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना की तथा कहा कि वह इसी तरह उत्तराखंड और प्रदेश की जनता की सेवा करते रहें।
(इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
नेपाल में दिख रहे तबाही के निशान, शवों को वैन में कैसे भर भरकर ले जा रही पुलिस, देखें वीडियो