1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दूल्हा बनने से पहले सीवर के खुले मैनहोल में गिरकर बैंककर्मी युवक की मौत

दूल्हा बनने से पहले सीवर के खुले मैनहोल में गिरकर बैंककर्मी युवक की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 10, 2022 07:16 pm IST,  Updated : Apr 10, 2022 07:16 pm IST

मृतक बैंककर्मी की पहचान शिवदुर्गा विहार लकड़पुर निवासी 24 वर्षीय हरीश वर्मा उर्फ हनी के रूप में हुई है। परिवार ने हरीश का रिश्ता भी तय कर दिया था। तीन महीने बाद उसकी शादी थी।

Manhole- India TV Hindi
Manhole Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर-56 में सीवर के खुले मैनहोल में गिरकर एक बैंककर्मी युवक की मौत हो गई। इस युवक की तीन महीने बाद शादी होनी थी, लेकिन इस हादसे से घर में मातम छा गया। यह घटना शनिवार देर रात की है। रविवार को मृतक युवक का पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर कागजी कार्यवाही शुरू की। मृतक बैंककर्मी की पहचान शिवदुर्गा विहार लकड़पुर निवासी 24 वर्षीय हरीश वर्मा उर्फ हनी के रूप में हुई है।

सेक्टर-58 के थाना प्रभारी भारतेंद्र का कहना है कि जांच की जा रही है कि मैनहोल को ढंकने की जिम्मेदारी किसकी थी। जांच के बाद संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार हरीश एचडीएफसी बैंक में कस्टमर एजेंट के तौर पर काम करते थे। हरीश शनिवार रात अपने दोस्तों शिवम और प्रवीन के साथ कार में सवार होकर सेक्टर-56 एक दोस्त से मिलने गए थे। देर रात तीनों वापस लौट रहे थे।

सेक्टर-56 के पास हरीश ने लघुशंका के लिए कार रुकवाई। कार से थोड़ी दूरी पर वे लघुशंका के लिए जाने लगे। इसी दौरान वहां सीवर का मैनहोल खुला था, जो अंधेरा होने के कारण हरीश को नहीं दिखाई दिया। इससे हरीश उसमें गिर पड़े। आवाज सुनकर शिवम और प्रवीन मैनहोल के पास पहुंचे। उन्होंने मोबाइल की टॉर्च जलाकर मैनहोल में देखा तो हरीश उसमें पड़े दिखाई दिए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शिवम और प्रवीन के साथ मिलकर हरीश को निकालने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे।

इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हरीश को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने हरीश का रिश्ता भी तय कर दिया था। तीन महीने बाद उसकी शादी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत