1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सरकारी हॉस्टल में चौथी कक्षा के बच्चे को पिता ने जंजीर से बांधा, VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप

सरकारी हॉस्टल में चौथी कक्षा के बच्चे को पिता ने जंजीर से बांधा, VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Dec 04, 2025 10:37 pm IST,  Updated : Dec 04, 2025 10:37 pm IST

हॉस्टल में कक्षा 4 के छात्र को बिस्तर से जंजीर से बांधे जाने का मामला सामने आया है। यह घटना बालासोर जिले के नीलगिरी ब्लॉक में हुई है।

जंजीर से बंधा हुआ बच्चा- India TV Hindi
जंजीर से बंधा हुआ बच्चा Image Source : REPORTER

ओडिशा के बालासोर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक सरकारी हॉस्टल में कक्षा 4 के छात्र को बिस्तर से जंजीर से बांधे जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पूरे इलाके में गुस्सा और आक्रोश फैल गया।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महज 8 साल के छात्र के पैर में लोहे की बेड़ी लगी हुई है और वह बिस्तर से जकड़ा पड़ा है। यह घटना बालासोर जिले के नीलगिरी ब्लॉक में हुई है।

बताया जा रहा है कि बच्चे को उसके पिता ने ही बांध दिया, वह भी इसलिए क्योंकि वह अक्सर बिना अनुमति के हॉस्टल से कथित तौर पर भागकर घर चला आता था। इसी वजह से उसे रोकने के लिए यह कठोर तरीका अपनाया गया। यह घटना बेगुनिया स्थित सरकारी यू.पी. स्कूल के हॉस्टल में हुई। 

वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन की ओर से तुरंत कार्रवाई शुरू की गई और बच्चे को रेस्क्यू किया गया। घटना को लेकर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। 

"बार-बार भागकर चला आ रहा था बच्चा"

नीलगिरी की सब-कलेक्टर मधुस्मिता सामंतराय गुरुवार को स्कूल पहुंचीं। उन्होंने हेडमास्टर, स्टाफ और बच्चे तीनों के बयान दर्ज किए। उन्होंने कहा, "घटना कल घट चुकी है। आज हम गवाहों, बच्चे और बच्चे के पिता का बयान दर्ज कर रहे हैं। बच्चे के पिता ने हमें बताया है कि चूंकि बार-बार बच्चा भागकर चला आ रहा था, लिहाजा उन्होंने खुद उसे बांधा था। विद्यालय के प्रधानशिक्षक कल विश्व  दिव्यांग दिवस के लिए सजनागढ़ गए थे, इसलिए असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट को हॉस्टल की जिम्मेदारी दी गई थी। हमनें असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट को भी इंक्वायरी के लिए बुलाया है। अब तक हमनें बयानों को दर्ज किया है। जांच अभी खत्म नहीं हुई है, पर इस मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा, ताकि यह एक उदाहरण बने और आगे चलकर कोई ऐसा कदम न उठा पाए।"

प्रशासनिक स्तर पर इस घटना को गंभीर माना जा रहा है। लोगों में भी इस बात को लेकर गुस्सा है कि महज 8 साल के बच्चे के साथ इतनी कठोरता कैसे बरती गई। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

एयरपोर्ट पर व्लादिमीर पुतिन का स्वागत करने के बाद PM मोदी का पहला बयान, जानिए क्या बोले

सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का बदला टाइम टेबल, रेलवे ने जारी किया नया शेड्यूल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत