1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक के मंड्या में कावेरी नदी में फोटो खिंचवाने के दौरान डूबे एक ही परिवार के 5 सदस्य, सभी की मौत

कर्नाटक के मंड्या में कावेरी नदी में फोटो खिंचवाने के दौरान डूबे एक ही परिवार के 5 सदस्य, सभी की मौत

 Reported By: T Raghavan Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 25, 2026 08:35 am IST,  Updated : Jun 25, 2026 08:51 am IST

कर्नाटक के मांड्या जिले के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट मुथाथी में कावेरी नदी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वाले सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। यह दुखद घटना तब हुई जब वे मंदिर दर्शन के लिए गए थे।

मृतकों की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतकों की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

कर्नाटक के मंड्या जिले के मलवल्ली तालुक में मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन मुत्तथी के पास कावेरी नदी में एक ही परिवार के पांच सदस्य डूब गए। यह घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे हुई। बताया जा रहा है कि वे तस्वीरें लेने के लिए पानी में घुसे थे। मरने वालों की पहचान चैत्रा (20), प्रियंका (28), श्वेता (38), विजयम्मा (50) और महेश के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि ये सभी लोग चन्नपट्टना के ब्यादरहल्ली के रहने वाले थे।

नदी में फोटो खिंचवाने के दौरान हुआ हादसा

परिवार मशहूर मुत्तथीराया मंदिर के दर्शन के लिए मुत्तथी गया था। पूजा-अर्चना के बाद वे नदी के किनारे गए। हादसा तब हुआ जब वे कावेरी नदी के पानी में उतरे। कहा जा रहा है कि वे तस्वीरें खींचने के लिए ऐसा कर रहे थे और लापरवाही के चलते सभी पानी में बह गए। 

सूचना मिलने पर हलागुरु पुलिस स्टेशन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। फायर और रेस्क्यू टीम ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया और कुछ देर में सभी पांचों शव बरामद कर लिए। मंड्या की पुलिस अधीक्षक डॉ. वी.जे. शोभारानी ने घटनास्थल का दौरा किया और पुष्टि की कि पीड़ितों के शवों को मंड्या इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (MIMS) अस्पताल भेज दिया गया है। हलागुरु पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।

दो लोगों को जिंदा बचाया गया

पुलिस ने बताया कि हादसा तब हुआ जब विजयाम्मा गलती से नदी के गहरे हिस्से में फिसल गईं और डूबने लगीं। उन्हें बचाने की कोशिश में बाकी लोग भी एक-एक करके पानी में उतरे, लेकिन तेज़ बहाव में बह गए। घटना के बारे में बात करते हुए सीनियर पुलिस अधिकारी शोभा रानी ने बताया कि परिवार की चार महिलाएं तस्वीरें लेने के लिए नदी में उतरीं, क्योंकि उन्हें लगा कि पानी कम गहरा है। इलाके में तैनात होम गार्ड्स की चेतावनी के बावजूद वे नदी में आगे बढ़ती गईं। परिवार के सदस्य रवि, जिन्होंने उन्हें बचाने की कोशिश की थी, उन्हें स्थानीय लोगों ने बाहर निकाल लिया और वे बच गए। ग्रुप के साथ मौजूद चार साल का बच्चा भी सुरक्षित बच गया। 

ये भी पढ़ेंः ताश के पत्तों की तरह गिर गया पुल, ऊपर से गुजर रहा था डंपर; हादसे का CCTV फुटेज आया सामने

VIDEO: अरुणाचल में भारी बारिश से आई बाढ़ ने मचाई तबाही, डूबे कई गांव, हाईवे पुल बहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत