1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रांची के गिरिडीह में पुलिस की बूट से कुचलकर चार दिन के नवजात की मौत!

रांची के गिरिडीह में पुलिस की बूट से कुचलकर चार दिन के नवजात की मौत!

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Mar 22, 2023 05:59 pm IST,  Updated : Mar 22, 2023 05:59 pm IST

खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य पुलिस मुख्यालय को घटना की जांच कर रिपोर्ट देने और कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : फाइल फोटो

रांची: गिरिडीह जिले में बुधवार को एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापामारी के दौरान चार दिन के एक नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि नवजात की मौत एक पुलिसकर्मी के बूट के नीचे दबकर हुई है। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में जबर्दस्त गुस्सा है। इसकी खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य पुलिस मुख्यालय को घटना की जांच कर रिपोर्ट देने और कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

बिस्तर में सो रहा था नवजात

घटना गिरिडीह जिले के देवरी थाना अंतर्गत कोशोगोंदोदिघी गांव की है। बताया गया कि देवरी के थाना प्रभारी संगम पाठक की अगुवाई में एक पुलिस टीम बुधवार को अगली सुबह एक वारंटी भूषण पांडेय को गिरफ्तार करने उसके घर पर छापामारी करने पहुंची थी। दरवाजे पर दस्तक देने के बाद जब घरवालों ने दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस की टीम किसी तरह जबरन अंदर दाखिल हुई। एक पुलिसकर्मी घर में रखे बिस्तर पर चढ़ गया। इसी दौरान उसके बूट से दबकर बिस्तर पर सोए चार दिन के नवजात की मौत हो गई। यह बच्चा वारंटी भूषण महतो का पोता था। मात्र चार दिन पहले उनकी बहू नेहा देवी ने इस बच्चे को जन्म दिया था।

आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया 

पुलिस भूषण पांडेय को गिरफ्तार नहीं कर सकी और घटना के बाद पूरी टीम वहां से निकल गई। नवजात की मौत पर घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी गुस्से में हैं। लोग पुलिस टीम के सभी सदस्यों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। घटना की जानकारी पुलिस के बड़े अधिकारियों को दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत