गोवा के नाइटक्लब में लगी भीषण आग के मामले में फरार चल रहे लुथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से भारत वापस लाने के लिए सभी पेपर वर्क पूरा कर लिया गया है। दोनों आरोपी भाइयों को रॉयल थाई पुलिस मंगलवार सुबह बैंकॉक से भारत के लिए रवाना करेगी और वे दोपहर तक दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां गोवा पुलिस उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार करेगी।
थाईलैंड से भारत वापसी का शेड्यूल
रॉयल थाई पुलिस लूथरा ब्रदर्स को बैंकॉक से भारत की फ्लाइट में बैठाकर दिल्ली रवाना करेगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों भाई इंडिगो की फ्लाइट से मंगलवार दोपहर करीब 1.45 बजे दिल्ली एयरपोर्ट (संभवतः इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट) पहुंचेंगे। गोवा पुलिस की एक टीम पहले से ही दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद रहेगी। दिल्ली पुलिस की टीम भी उनकी सहायता के लिए उपस्थित रहेगी। लूथरा ब्रदर्स के भारत की धरती पर कदम रखते ही गोवा पुलिस उन्हें एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार करेगी।
गोवा पुलिस मांगेगी ट्रांजिट रिमांड
गिरफ्तारी के बाद गोवा पुलिस लूथरा ब्रदर्स को सीधे कोर्ट में पेश करेगी। दिल्ली कोर्ट में गोवा पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए गोवा ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गोवा पुलिस देर रात तक दोनों भाइयों को लेकर गोवा पहुंच जाएगी, जहां उन्हें आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
बता दें कि थाई अधिकारियों ने पिछले सप्ताह दोनों को हिरासत में लिया था, जब यह सामने आया कि वे थाईलैंड में अवैध रूप से रह रहे थे। उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब में 6 दिसंबर को हुए भीषण अग्निकांड में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। उसी रात लुथरा ब्रदर्स थाइलैंड भाग निकले थे।
ये भी पढ़ें-
गैंगस्टर से आतंकी बने दो लोग गिरफ्तार, दुबई-आर्मेनिया से करते थे पंजाब में अपराधों का संचालन
शिकारियों के जाल का शिकार हुआ 7 वर्षीय बाघ, जंगल में मिला मृत