1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज का मौसम 04 अक्टूबर 2024: मानसून लौटते ही दिल्ली में बढ़ी गर्मी, पश्चिम बंगाल समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

आज का मौसम 04 अक्टूबर 2024: मानसून लौटते ही दिल्ली में बढ़ी गर्मी, पश्चिम बंगाल समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

 Published : Oct 04, 2024 07:36 am IST,  Updated : Oct 04, 2024 07:50 am IST

IMD Weather Forecast: देश में मौसम हर रोज बदल रहा है। मौसम विभाग ने 10 से ज्यादा राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, दिल्ली समेत कुछ राज्यों में गर्मी बढ़ गई है।

11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट Image Source : PTI

नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में मानसून धीरे-धीरे वापसी (विदाई) की तरफ बढ़ रहा है। इसकी वजह से दिल्ली-राजस्थान समेत कुछ राज्यों में गर्मी बढ़ गई है। राजस्थान के पोखरण में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान वर्षा होने की संभावना नहीं है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में झमाझम बारिश हो रहा है। 

अगले 24 घंटे के दौरान यहां पर होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम,मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मूसलाधार बारिश हो सकती है। अगले 7 दिनों के दौरान केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और रायलसीमा में आठ अक्टूबर तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 

 दिल्ली में तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, दिन में आसमान साफ ​​रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान साफ ​​रहने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है। 

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वी क्षेत्र मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख सोमनाथ दत्ता ने बताया कि त्योहार के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। दक्षिण बंगाल में 5 अक्टूबर को सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 6 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

आईएमडी ने कहा कि 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक विभिन्न जिलों, खासकर दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में बारिश जारी रहने की उम्मीद है। 10 से 13 अक्टूबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रह सकता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत