हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी। पांवटा साहिब के गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक पुलिस जवान के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर थप्पड़ और मुक्के मारता दिखाई दे रहा है।
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि मारपीट करने वाला व्यक्ति फरहान सहारनपुर का निवासी है और एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी ठेकेदार के रूप में कार्यरत है। वायरल वीडियो में आरोपी और पुलिसकर्मी के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई होती नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार पुलिसकर्मी राजेश छिंटा धौलाकुआं बटालियन में तैनात हैं। बुधवार दोपहर वह तारूवाला स्थित स्ट्रांग रूम में ड्यूटी के दौरान लंच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र में उनकी आरोपी से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिसकर्मी ने सुनाई आपबीती
पुलिसकर्मी की तरफ से पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दी गई है। पुलिसकर्मी ने बताया कि वह बुधवार दोपहर को खाना खाने के बाद स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहा था। रास्ते में गोंदपुर के पास जैसे ही वह स्कूटी पर जा रहा था तो एक गाड़ी तेज रफ्तार से जा रही थी और ड्राइवर मोबाइल फोन सुन रहा था। ड्राइवर ने स्कूटी के आगे आकर कट मारा। इसके बाद उसने ड्राइवर को सही से कार चलाने को कहा तो गाड़ी में सवार व्यक्ति ने मारपीट की और उसका बैग छीन लिया।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
वहीं, घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत मामले की जांच में जुटी और तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस कांस्टेबल के साथ गुंडई करने वाले आरोपी फरहान को गिरफ्तार कर लिया।
(रिपोर्ट- कपिल ठाकुर)
यह भी पढ़ें-
पुलिस की वर्दी में आते थे, अपहरण कर ले जाते थे, पिस्तौल और वर्दी के साथ 4 फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार
'हिंसा हारी, मोहब्बत जीती', दो खूंखार नक्सलियों ने लिए सात फेरे; पुलिस बनी बाराती