1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हैदराबाद में होमगार्ड ने महिला को बाल पकड़कर घसीटा, खूब पीटा; और अब पुलिस विभाग ने सिखाया सबक

हैदराबाद में होमगार्ड ने महिला को बाल पकड़कर घसीटा, खूब पीटा; और अब पुलिस विभाग ने सिखाया सबक

 Reported By: T Raghavan,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 19, 2026 03:05 pm IST,  Updated : Sep 19, 2026 03:05 pm IST

हैदराबाद में एक होमगार्ड ने महिला को बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा और खूब पीटा। इस मामले में पुलिस ने कडी़ कार्रवाई करते हुए होमगार्ड को बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही, कर्मियों को प्रोफेशनल तरीके से काम करने की हिदायत दी।

Hyderabad home guard- India TV Hindi
होमगार्ड ने हैदराबाद में महिला को बुरी तरह पीटा। Image Source : REPORTERS INPUT

तेलंगाना के हैदराबाद में हफीजपेट रेलवे स्टेशन पर तैनात एक होमगार्ड ने कथित तौर पर एक महिला को उसके बाल पकड़कर घसीटा और उसकी पिटाई की। पुलिस के इस बर्ताव की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हो रही है। BRS नेता KT रामाराव ने पुलिस के इस बर्ताव पर तीखी टिप्पणी की है। वहीं, मियापुर पुलिस ने बताया कि महिला कबाड़ बीनने वाली थी और उसने कथित तौर पर होमगार्ड को अपशब्द कहे थे, जिसके बाद होमगार्ड ने महिला पर हमला किया था।

वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आया मामला

जान लें कि यह घटना तब सामने आई जब इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शुरू में, होमगार्ड के रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF का कॉन्स्टेबल होने का शक था। हालांकि, सिकंदराबाद सेंट्रल रेलवे ने X पर एक पोस्ट में साफ किया कि वह RPF कॉन्स्टेबल नहीं, बल्कि होमगार्ड था।

नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया आरोपी होमगार्ड

इस मामले में एक्शन लेते हुए आरोपी होमगार्ड को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। साइबराबाद पुलिस ने ये भी कहा कि उनकी टीम ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेती है और दोहराती है कि प्रोफेशनल बिहेवियर, अनुशासन, गरिमा और हर नागरिक का सम्मान पुलिसिंग के लिए बुनियादी बातें हैं। होमगार्ड को सेवा से हटा दिया गया है और उसे गिरफ्तार करके ज्युडिशियल रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।

तेलंगाना पुलिस के होमगार्ड के तौर पर हुई आरोपी पहचान

इससे पहले, सिकंदराबाद सेंट्रल रेलवे ने कहा था, 'हफीजपेट रेलवे स्टेशन पर हुई घटना की जांच की गई और संबंधित कर्मचारी की पहचान तेलंगाना राज्य पुलिस के होमगार्ड के तौर पर हुई, जिसे हफीजपेट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए तैनात किया गया था।' उन्होंने आगे कहा, 'उसे जरूरी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तेलंगाना राज्य पुलिस विभाग वापस भेज दिया गया है।'

लोकल लोगों ने महिला को छोड़ने की अपील भी की थी

घटना के दौरान, महिला के बाल खींचते हुए होमगार्ड को यह पूछते हुए सुना गया, 'क्या कहा तुमने? क्या गाली दी?' बाल खींचने के दौरान भी, स्थानीय लोगों ने उसे महिला को छोड़ने की अपील की थी। इससे पहले, हाल में हैदराबाद में AIMIM नेता की हत्या हो गई थी। 5 लोगों ने चाकू से गोदकर उन्हें मौत के घाट उतारा था।

BRS नेता ने होमगार्ड के बर्ताव पर जताई आपत्ति

हालांकि, BRS नेता KTR ने होमगार्ड के इस बर्ताव को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। KTR ने कहा कि जुर्म करने वाले नेताओं के बच्चों पर कार्रवाई की बात जब आती है तो हैदराबाद पुलिस चुप्पी साध लेती है, लेकिन गरीब महिला के साथ सरेआम बर्बर तरीके से पेश आती है।

ये भी पढ़ें- हैदराबाद में तेज़ रफ़्तार एस्टन मार्टिन कार ने युवती को कुचल डाला, सांसद का 21 साल का बेटा चला रहा था गाड़ी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत