Tuesday, February 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भगवान जगन्नाथ से जुड़ी टिप्पणी पर संबित पात्रा ने मांगी माफी, कहा- प्रायश्चित के लिए 3 दिन तक रखूंगा उपवास

भगवान जगन्नाथ से जुड़ी टिप्पणी पर संबित पात्रा ने मांगी माफी, कहा- प्रायश्चित के लिए 3 दिन तक रखूंगा उपवास

Edited By: Shailendra Tiwari @@Shailendra_jour Published : May 21, 2024 09:53 am IST, Updated : May 21, 2024 09:56 am IST

भाजपा नेता संबित पात्रा ने भगवान जगन्नाथ से जुड़े बयान के लिए माफी मांगी है। संबित पात्रा ने कहा कि मुझसे अनजानें में यह गलती हुई है।

भाजपा नेता संबित पात्रा- India TV Hindi
Image Source : PTI भाजपा नेता संबित पात्रा

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने भगवान जगन्‍नाथ पर अपनी टिप्पणी को लेकर लोगों से माफी मांगी है। साथ ही उन्होंने इसके प्रायश्चित के लिए 3 दिन उपवास रखने का वादा भी किया है। जानकारी दे दें कि भगवान जगन्‍नाथ से जुड़े विवादों में आए बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि वह अपनी 'जुबान फिसलने' के लिए माफी मांगते हैं और वह भगवान से क्षमा प्रायश्चित करने के लिए अगले 3 दिनों तक उपवास रखेंगे। जानकारी दे दें कि अभी संबित पात्रा पुरी लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर उम्मीदवार हैं। पात्रा ने सोमवार को ओडिशा के एक स्थानीय न्यूज चैनल से कहा कि "भगवान जगन्नाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भक्त हैं।" बाद में उन्होंने इसे "जुबान फिसलना" बताया।

'अगले तीन दिन रखेंगे उपवास'

पात्रा ने रात करीब 1 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर भगवान जगन्नाथ को लेकर अपनी गलती के लिए माफी मांगी। उन्होंने लिखा, "आज मैं भगवान जगन्नाथ के संबंध में की गई अपनी गलती से बहुत परेशान हूं। मैं भगवान जगन्नाथ के चरणों में सिर झुकाकर माफी मांगता हूं। अपनी गलती का प्रायश्चित करने और पश्चाताप करने के लिए मैं अगले तीन दिनों तक उपवास रखूंगा।"

उन्होंने आगे कहा, "पीएम मोदी की पुरी यात्रा के दौरान, मैं पुरी की ग्रैंड रोड पर भारी भीड़ के बीच कई मीडिया के साथियों के साथ बातचीत कर रहा था। इसी समय एक न्यूज चैनल से बात करते समय, मैंने गलती से 'भगवान के बजाय' मोदी के भक्त जगन्नाथ' कह दिया 'जगन्नाथ के भक्त मोदी।' इस गलती के लिए मैं भगवान जगन्नाथ के चरणों में झुककर माफी मांगता हूं और इस गलती का पश्चाताप करने के लिए अगले 3 दिनों तक उपवास करूंगा।"

'अनजाने में हुई गलती'

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए पात्रा ने कहा, "यह संभव नहीं है; कोई भी व्यक्ति यह नहीं कह सकता कि भगवान किसी भी इंसान का भक्त है। गलती एक चैनल को बाइट देते समय अनजाने में हुई। मैं इस बात से सहमत हूं कि मेरे बयान से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, लेकिन अनजाने में गलती हो जाने पर भगवान भी इंसान को माफ कर देते हैं। उन्होंने कहा, "ऐसी गलती करने का मेरा कोई इरादा कभी नहीं था, लेकिन फिर भी क्योंकि महाप्रभु जगन्नाथ ब्रह्मांड के भगवान हैं और मैं सैकड़ों और हजारों उड़िया लोगों की तरह एक उत्साही भक्त हूं, मुझे लगता है कि अनजाने में हुई इस गलती के लिए मुझे माफी मांगनी चाहिए और भगवान को तपस्या करनी चाहिए।" 

नवीन पटनायक ने की आलोचना

जैसे ही पात्रा की यह टिप्पणी आई उसके बाद विपक्ष के उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल आदि बड़े नेताओं ने बीजेपी और पात्रा को आड़े हाथ ले लिया। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक एक्स पोस्ट में ओडिया की 'अस्मिता' को चोट पहुंचाने के लिए संबित पात्रा की आलोचना की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "महाप्रभु श्री जगन्नाथ ब्रह्मांड के भगवान हैं। महाप्रभु को किसी अन्य इंसान का 'भक्त' कहना भगवान का अपमान है... यह पूरी तरह से निंदनीय है।" इससे भावनाएं आहत हुई हैं और दुनिया भर में करोड़ों जगन्नाथ भक्तों और उड़िया लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है।

पटनायक ने कहा, "भगवान उड़िया अस्मिता के सबसे बड़े प्रतीक हैं। मैं इस बयान की कड़ी निंदा करता हूं और मैं भाजपा से अपील करता हूं कि वह भगवान को किसी भी राजनीतिक चर्चा से ऊपर रखें। ऐसा करके आपने उड़िया अस्मिता को गहरी चोट पहुंचाई है और इसे ओडिशा के लोग बहुत लंबे समय तक याद रखेंगे और इसकी निंदा करेंगे।"

राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल ने भी बोला हमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने एक एक्स पोस्ट में कहा, "जब प्रधानमंत्री खुद को सम्राट और भगवान उन्हें दरबारी लगने लगे तो साफ है कि पाप की लंका का पतन करीब है। करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार मुट्ठीभर भाजपाइयों को किसने दिया? यही अहंकार उनके विनाश का कारण बन रहा है।”

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संबित पात्रा की टिप्पणी पर कहा कि ये भाजपा नेताओं के "अहंकार" को दिखाती है। केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया, "मैं बीजेपी के इस बयान की कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने सोचना शुरू कर दिया है कि वे भगवान से ऊपर हैं। यह अहंकार की पराकाष्ठा है। मोदी जी को भगवान भक्त कहना भगवान का अपमान है।"

ये भी पढ़ें:

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज के दिन ही हुई थी हत्या, चुनावी रैली में हुआ विस्फोट और फिर...
वो हस्तियां जिनकी Plane Crash में हुई मौत, इन हादसों से सकते में आ गई दुनिया

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement