1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD Alert: अगले 48 घंटों में इन राज्यों में छाया रहेगा घना कोहरा, ट्रेनों की आवाजाही में देरी

IMD Alert: अगले 48 घंटों में इन राज्यों में छाया रहेगा घना कोहरा, ट्रेनों की आवाजाही में देरी

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Dec 26, 2022 10:36 pm IST,  Updated : Dec 27, 2022 06:28 am IST

दिल्ली में घने कोहरे के कारण कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। 10 ट्रेन 1.45 से 3.30 घंटे तक की देरी से चल रही है।

dense fog- India TV Hindi
घना कोहरा Image Source : PTI

IMD Alert: देश के उत्तर और उत्तर पश्चिम के कुछ हिस्सों में सोमवार को कहीं घने और कहीं बहुत घने कोहरे की चादर छायी रही व विजिबिलिटी घटने के कारण इन क्षेत्रों में ट्रेनों के आवागमन में भी देरी हुई। कई कस्बों और शहरों में तापमान में गिरावट के साथ क्षेत्र में भीषण शीत लहर चली। दिल्ली में घने कोहरे के कारण कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि 10 ट्रेन 1.45 से 3.30 घंटे तक की देरी से चल रही है। रिज क्षेत्र में तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री कम, तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राष्ट्रीय राजधानी का सबसे ठंडा इलाका रहा। रिज और आयानगर मौसम केंद्रों में सोमवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री सेल्सियस और 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन राज्यों में घने कोहरे की आशंका

वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि अगले 48 घंटों में उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली व पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में और अगले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना या बहुत ज़्यादा घना कोहरा रहने की आशंका है। इसके बाद कोहरे का प्रभाव कम होने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में आज कड़ाके की ठंड और घना कोहरा दर्ज किया गया, जिसमें 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ नारनौल सबसे ठंडा इलाका रहा। हरियाणा के हिसार में कड़ाके की ठंड दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, लुधियाना में तापमान छह डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 8.8 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 3.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन शहरों में रही जीरो विजिबिलिटी
सीकर के फतेहपुर में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ ही राजस्थान के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम कार्यालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान, राज्य के उत्तरी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति देखी गई। छिटपुट इलाकों में भी घना कोहरा छाया रहा। पंजाब के बठिंडा और राजस्थान के बीकानेर में विजिबिलिटी शून्य रही, जबकि अंबाला, हिसार, अमृतसर, पटियाला, गंगानगर, चूरू और बरेली में दृश्यता घटकर 50 मीटर और नीचे रह गई। IMD के अनुसार, इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा।

आईएमडी के मुताबिक, शून्य से 50 मीटर तक दृश्यता ‘बहुत घने’, 51 मीटर से 200 मीटर तक ‘घने’, 201 मीटर से 500 मीटर तक ‘मध्यम’ और 501 मीटर से 1000 मीटर तक दृश्यता ‘हल्के’ कोहरे की श्रेणी में आती है। आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर शीत लहर की घोषणा की जाती है। शीतलहर की घोषणा तब भी की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो तथा यह उस समय के सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री कम हो। न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस रहने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से कम रहने पर ‘‘भीषण’’ शीतलहर की घोषणा की जाती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत