1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD Alert: मौसम विभाग ने जारी की है ये चेतावनी, आज और कल बढ़ जाएगी ठंड, फिर सताएगी गर्मी

IMD Alert: मौसम विभाग ने जारी की है ये चेतावनी, आज और कल बढ़ जाएगी ठंड, फिर सताएगी गर्मी

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : Feb 12, 2023 07:49 am IST,  Updated : Feb 12, 2023 08:42 am IST

मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी भागों में भी दिखाई देगा। आज और कल के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि ठंड थोड़ी बढ़ सकती है लेकिन 14 फरवरी से तापमान फिर से बढ़ने लगेगा।

weather update- India TV Hindi
आज और कल बदला दिखेगा मौसम का मिजाज Image Source : FILE PHOTO

Weather Update: मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले कुछ दिनों से जहां दिल्ली-यूपी-बिहार सहित मैदानी राज्यों में सुबह -शाम हल्की ठंड के बाद दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी का एहसास हो रहा था, वहीं आज मौसम में बदलाव दिख रहा है। पहाड़ों में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बर्फबारी की वजह से मैदानी राज्यों में भी ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने की वजह से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिला है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्व की ओर बढ़ रहा है। जिसकी वजह से एक बार फिर कई राज्यों के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। आज और कल इसके प्रभाव की वजह से उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में ठंड बढ़ेगी।

आज और कल ठंड में हो सकती है बढ़ोत्तरी  

स्काईमेट वेदर के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम से बदलकर उत्तर-पश्चिम हो जाएगी, इससे अगले दो से तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों सहित पूरे राजस्थान में तापमान में गिरावट आ सकती है। इसका असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी दिखेगा, यहां दो दिन सतही हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड का एहसास होगा। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार (12 फरवरी) को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में आया ये बदलाव बस दो दिनों तक यानी 12 और 13 फरवरी को दिखेगा लेकिन इस बीच शीतलहर की संभावना नहीं है। विभाग के मुताबिक 14 फरवरी के बाद तापमान एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा। क्योंकि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय तक पहुंच जाएगा, जिससे हवाएं एक बार फिर दिशा बदल देंगी और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में क्रमशः वृद्धि होगी। फरवरी और मार्च महीने के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है।

पहाड़ी इलाकों में 14-15 फरवरी को हो सकती है  बर्फबारी

मौसम विभाग के मुताबिक एक ताजा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के 14 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 14 और 15 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, सहित ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। बीते 24 घंटे में उत्तरी हरियाणा, असम, मेघालय, नगालैंड और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई है। विभाग के अनुसार, 13 फरवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट होगी और उसके बाद तापमान 4 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। 14 तारीख के बाद मौसम में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पंजाब, पूर्वी असम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रात और सुबह में कुछ समय के लिए  घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें:

बागेश्वर बाबा क्यों खरीदना चाहते हैं बुलडोजर? 'आप की अदालत' में धीरेंद्र शास्त्री ने कही ये बात

अब मात्र साढ़े 3 घंटे में पहुंच सकेंगे जयपुर, पीएम मोदी देंगे सौगात, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पहले फेज का आज होगा उद्घाटन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत