1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार और हिमाचल तक भारी बारिश की चेतावनी, केरल में रेड अलर्ट; गुजरात-असम-ओडिशा में बाढ़

दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार और हिमाचल तक भारी बारिश की चेतावनी, केरल में रेड अलर्ट; गुजरात-असम-ओडिशा में बाढ़

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 05, 2026 07:55 am IST,  Updated : Aug 05, 2026 08:17 am IST

मौसम विभाग ने आज असम, मेघालय, उप-हिमालयी क्षेत्रों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में बहुत ज़्यादा बारिश का अनुमान लगाया है। अरुणाचल प्रदेश, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है।

दिल्ली में बारिश - India TV Hindi
दिल्ली में बारिश Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली समेत देश के राज्यों में बारिश की गतिविधियां पिछले 24 घंटे से जारी हैं।  मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है।  मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, केरल, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में तेज़ बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अनुमान लगाया है। साथ ही, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

दिल्ली समेत कई राज्यों में आज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, दिन के दौरान दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, केरल, माहे, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। IMD ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान की स्थिति का भी अनुमान लगाया है। आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी इसी तरह के मौसम की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने बताया कि 5 से 6 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पंजाब में झमाझम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 5-10 अगस्त के दौरान तेज बारिश होने की संभावना है। बिहार, झारखंड में 8 अगस्त तक बारिश जारी रहेगी। ओडिशा में 5-6 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है।  

 

 

केरल में भारी बारिश का रेड अलर्ट

केरल में अगले 24 घंटों के दौरान आठ जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है। अलर्ट के अनुसार, पथानामथिट्टा, इडुक्की, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड ज़िले रेड अलर्ट पर हैं, जहां अगले 24 घंटों के दौरान 204 मिमी से ज़्यादा बारिश होने की संभावना है, जबकि मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर और अलाप्पुझा के लिए दिन भर भारी बारिश की चेतावनी वाला ऑरेंज अलर्ट बरकरार रखा गया है।

असम-केरल समेत कई राज्यों में बाढ़

पिछले दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से केरल, ओडिशा, असम, गुजरात समेत देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हैं। केरल में एक अगस्त से जारी मूसलाधार बारिश से संबंधित घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो गयी जबकि चार लोग लापता बताये जा रहे और 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। चार अगस्त के बीच 52 मकान पूरी तरह तबाह हो गए, जबकि 565 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश के कारण हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। बाढ़ के कारण रेल परिचालन पर भी असर पड़ा है। 

ओडिशा में भी कई इलाके अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। जबकि आज एक बार फिर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जाजपुर, भद्रक और जगतसिंहपुर जिलों के अनेक गांवों से बाढ़ का पानी अब तक नहीं उतरा है। इसके कारण बड़ी संख्या में लोग अभी भी राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं, गुजरात के भी कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। 

ये भी पढ़ेंः  आकाशीय बिजली गिरने से झारखंड में 13 की मौत, UP में बिजली के झटकों से 3 की गई जान, कई राज्यों में आसमान से बरसी आफत

(पीटीआई इनपुट के साथ)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत