1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 9 दिसंबर 2025 का मौसमः दिल्ली समेत 10 राज्यो में शीतलहर की चेतावनी, इन इलाकों में पड़ेगा घना कोहरा

9 दिसंबर 2025 का मौसमः दिल्ली समेत 10 राज्यो में शीतलहर की चेतावनी, इन इलाकों में पड़ेगा घना कोहरा

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 09, 2025 06:59 am IST,  Updated : Dec 09, 2025 07:40 am IST

दिल्ली समेत कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। अगले तीन से चार दिनों में पश्चिमी भारत में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट का अनुमान है और उसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा।

आज का मौसम- India TV Hindi
आज का मौसम Image Source : PTI

नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2°C की धीरे-धीरे गिरावट आएगी। इससे ठंड और बढ़ेगी। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में घना कोहरा अगले 24 घंटे के दौरान भी जारी रहेगा।9-10 दिसंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश हो सकती है। 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

देश के इन राज्यों में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, 09-12 दिसंबर के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में शीतलहर की स्थिति रहने की बहुत संभावना है। सुबह के शुरुआती घंटों में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा भी पड़ सकता है। 

इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में भी शीतलहर में तेजी से वृद्धि हो रही है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग 6°C तक पहुंचने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में ठंड की स्थिति देखी गई। 

यहां पड़ेगा घना कोहरा

अगले 24 घंटे के दौरान 9 से 12 दिसंबर तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा पड़ेगा। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में भी घना कोहरा पड़ सकता है। यूपी, बिहार, बंगाल, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में भी सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा पड़ सकता है। 

कहां कितना तापमान

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 5°C से कम रहा। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर 5°-10°C के बीच रहा। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5°C फरीदकोट और गुरदासपुर (पंजाब) में दर्ज किया गया।

बर्फबारी का पूर्वानुमान

कश्मीर घाटी में ठंड लगातार बढ़ रही है। कई इलाकों में तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है, जबकि पहलगाम में यह माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले 24 घंटों में कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत