1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 14 राज्यों में आसमान से बरस रही 'आग', दिल्ली में 42 डिग्री पहुंचा तापमान, जानें-अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

14 राज्यों में आसमान से बरस रही 'आग', दिल्ली में 42 डिग्री पहुंचा तापमान, जानें-अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

 Published : May 15, 2024 10:26 pm IST,  Updated : May 15, 2024 10:33 pm IST

दिल्ली में इस सप्ताह अधिकतम तापमान 44 डिग्री पार कर सकता है। इन दिनों राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके अलावा 12 राज्यों में लू चलने का पूर्वानुमान है।

भयंकर गर्मी का प्रकोप जारी है- India TV Hindi
भयंकर गर्मी का प्रकोप जारी है Image Source : FILE-ANI

नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई भागों में भीषण गर्मी पड़ रही है। राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। जबकि दिल्ली के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। दिल्ली के आया नगर में सबसे ज्यादा 42.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिन में आसमान साफ रहने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, स्काई मेट के अनुसार, दिल्ली में इस सप्ताह के अंत में तापमान 44 डिग्री के आस-पास पहुंचने की उम्मीद है।

इन राज्यों में आसमान से बरस रही आग, लू की चेतावनी

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, बिहार, गुजरात, कोंकण, गोवा, सौराष्ट्र एंव कच्छ में अगले 24 घंटे के दौरान लू (हीटवेव) चलने की संभावना है।  इसके अलावा दिल्ली, चंडीगढ़, झारखंड और ओडिशा में भी लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। यहां पर 19 मई तक तपती गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।

भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट 

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 17-18 मई को राजस्थान में भीषण गर्मी की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 16 मई से तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। 17-18 मई को पश्चिमी राजस्थान में 45-46 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। अगले तीन दिनों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। 

बढ़ेगा तापमान

उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत में, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान (3-5 डिग्री सेल्सियस) में धीरे-धीरे वृद्धि होने की उम्मीद है। इसी तरह, इसी अवधि में मध्य भारत में तापमान लगभग 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ जाएगा। हालांकि शुरुआत में पश्चिम भारत में तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन आईएमडी ने पहले 24 घंटों के बाद मामूली वृद्धि (2-4 डिग्री सेल्सियस) की भविष्यवाणी की है।

बारिश और आंधी का अनुमान  

मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा में 17 मई तक गरज, बिजली और तेज़ हवाओं (40-60 किमी प्रति घंटे) के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम वर्षा होगी। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज और तेज़ हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में 16 मई से 18 मई तक भारी बारिश होने की संभावना है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत