1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली समेत उत्तर भारत में कब से पड़ेगी कड़ाके की सर्दी? सामने आया बड़ा अपडेट, जानें आज कहां होगी बारिश

दिल्ली समेत उत्तर भारत में कब से पड़ेगी कड़ाके की सर्दी? सामने आया बड़ा अपडेट, जानें आज कहां होगी बारिश

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Oct 14, 2025 07:06 am IST,  Updated : Oct 14, 2025 07:19 am IST

दक्षिण भारत के राज्यों में जहां बारिश का दौर जारी है, वहीं उत्तर भारत में तापमान गिरने से ठंड का असर दिखने लगा है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

नई दिल्लीः उत्तर भारत में ठंडी हवाएं चलने की वजह से देश के कई राज्यों में सर्दी का असर दिखने लगा है। दिवाली खत्म होते ही दिल्ली समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। उत्तर भारत में अगले एक सप्ताह तक बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। 

दिल्ली-एनसीआर में समय से पहले पड़ सकती है कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ़ रहने का अनुमान लगाया है। नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव जैसे स्थानों में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 31°C और रात का न्यूनतम तापमान 18 से 19°C तक पहुंच गया है। दोनों ही तापमान साल के इस समय के औसत से थोड़ा कम हैं। दिवाली के बाद तक इस क्षेत्र में बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और त्योहार खत्म होते ही कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो सकता है। 

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि मौसम के औसत से 0.6 डिग्री कम है। सोमवार लगातार चौथा दिन था, जब 2025-26 के शीतकालीन मौसम के लिए न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली में बढ़ने लगा प्रदूषण

सर्दी बढ़ने के साथ ही दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर में धीरे-धीरे वृद्धि देखी जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे 189 दर्ज किया गया, जोकि मध्यम श्रेणी में आता है। 

इन इलाकों में बारिश का अलर्ट

वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप को 14 और 18 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। अगले 4-5 दिनों तक इस क्षेत्र में बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।  14 और 15 अक्टूबर के दौरान छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, विदर्भ, ओडिशा, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में बारिश हो सकती है। 

 बंगाल से मानसून की हुई वापसी

दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरे पश्चिम बंगाल से पूरी तरह से वापसी हो गई है। आईएमडी ने अगले सात दिनों के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा कि पश्चिम बंगाल में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के 24 घंटे में पश्चिम बंगाल में किसी भी स्थान पर बारिश नहीं हुई। राज्य की राजधानी कोलकाता में सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगभग सामान्य है। आईएमडी ने मंगलवार सुबह तक कोलकाता में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है।  

भाषा इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत