1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD ने बताया- दिल्ली में अगले 4-5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

IMD ने बताया- दिल्ली में अगले 4-5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

 Published : Jun 07, 2023 11:21 pm IST,  Updated : Jun 07, 2023 11:26 pm IST

मई का महीना 36 साल में पहली बार बेहद कम गर्म दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र ने पिछले साल मानसून-पूर्व मौसम में नौ अप्रैल और चार मई के बीच 13 दिन लू की स्थिति दर्ज की थी।

IMD weather update - India TV Hindi
दिल्ली में अगले 4-5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम? Image Source : FILE

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी और गर्मी दोनों ही बहुत पड़ती है। फिलहाल तो दिल्लीवालों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि IMD ने दिल्ली में आने वाले दिनों के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। आईएमडी ने बताया है कि दिल्ली के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है, लेकिन अगले 4 से 5 दिन तक लू की आशंका नहीं है। 

बुधवार को कैसा रहा मौसम

दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ-कुछ समय के अंतराल पर बारिश होने से दिल्ली में जून महीने की शुरुआत में उतनी गर्मी नहीं रही है, जितनी होती है। 

2014 के बाद पहली बार हुआ ऐसा

इस महीने में अधिकतम तापमान अब तक 40 डिग्री के नीचे रहा है। आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला ने इस साल अब तक लू की स्थिति दर्ज नहीं की है और ऐसा 2014 के बाद पहली बार हुआ है। मौसम विज्ञानियों ने इस मानसून-पूर्व मौसम (मार्च से मई) में अधिक बारिश और सामान्य से कम तापमान के लिए सामान्य से अधिक पश्चिमी विक्षोभ को जिम्मेदार ठहराया है। 

यह मौसम प्रणाली भूमध्यसागरीय क्षेत्र में उत्पन्न होती है और उत्तर-पश्चिम भारत में इससे बेमौसम बारिश होती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आगे लू नहीं चलेगी। केरल में मानसून की शुरुआत में पहले ही देरी हो चुकी है और मौसम विज्ञानियों ने चक्रवात बिपारजॉय के कारण दक्षिणी प्रायद्वीप से आगे मानसून में धीमी प्रगति की आशंका जताई है और राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।

36 साल में मई का महीना पहली बार बेहद कम गर्म दर्ज किया गया

आईएमडी ने पिछले महीने उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य या सामान्य से कम मानसून का अनुमान जताया था, जिसका मतलब है अधिक शुष्क और गर्म दिन। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में 36 साल में मई का महीना पहली बार बेहद कम गर्म दर्ज किया गया। इस बार अधिक बारिश के कारण अधिकतम तापमान औसतन 36.8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। मौसम केंद्र ने पिछले साल मानसून-पूर्व मौसम में नौ अप्रैल और चार मई के बीच 13 दिन लू की स्थिति दर्ज की थी। 

साल 2021 में इस अवधि के दौरान सिर्फ एक दिन, 2020 में चार दिन और 2019 में भी एक दिन लू चली थी। लू की स्थिति तब होती है, जब किसी मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पर्वतीय क्षेत्रों में 30 डिग्री तक पहुंच जाता है और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री तापमान अधिक होता है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें: 

मुंबई: मीरा रोड पर 32 साल की महिला की बेरहमी से हत्या, शव के कटर मशीन से किए कई टुकड़े 

शादी के 2 दिन बाद ही दुल्हन ने रच डाली दूल्हे की हत्या की साजिश, मौसेरे बहनोई से मरवा दिया, अवैध संबंध बनी वजह

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत