1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ना कभी बैंक खाता खुलवाया, ना बिजनेस किया... 8.64 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस देख मजदूर के उड़े होश, क्या है माजरा?

ना कभी बैंक खाता खुलवाया, ना बिजनेस किया... 8.64 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस देख मजदूर के उड़े होश, क्या है माजरा?

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Mar 21, 2023 07:32 am IST,  Updated : Mar 21, 2023 07:32 am IST

अंकुर कुमार के दस्तावेजों पर कोई कंपनी संचालित बताई जा रही है जबकि अंकुर गांव के आसपास में ही मजदूरी करके जीवन यापन करता है। उसने एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसने वर्ष 2017 में हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी, जबकि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है।

ankur kumar- India TV Hindi
अंकुर कुमार मजदूरी करके अपने परिवार को पालता है। Image Source : INDIA TV

बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर में मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करने वाले एक मजदूर को आयकर विभाग (Income Tax Department) द्वारा 8 करोड़ 64 लाख की रिकवरी का नोटिस मिला है। नोटिस मिलने के बाद मजदूर के तो होश ही उड़ गए। उसने न्याय की गुहार लगाते हुए बुलंदशहर SSP के दफ्तर का दरवाजा खटखटाया।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, गुलावठी क्षेत्र के गांव बराल निवासी अंकुर कुमार के दस्तावेजों पर कोई कंपनी संचालित बताई जा रही है जबकि अंकुर गांव के आसपास में ही मजदूरी करके जीवन यापन करता है। अंकुर ने एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसने वर्ष 2017 में हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी, जबकि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। आरोप है कि साल 2019 में गांव ही निवासी एक युवक ने उसकी मुलाकात अपने जीजा, यानी गांव के ही रिश्ते के दामाद से कराई। इसके बाद उसके जीजा ने नौकरी दिलाने के नाम पर उसे एक अन्य युवक से मिलवाया और प्रमाणपत्र समेत शैक्षिक दस्तावेज उसे सौंपने को कहा।

गांव में मजदूरी करता है अंकुर
आरोपी ने उससे शैक्षिक दस्तावेज व अन्य प्रमाण पत्र ले लिए जबकि इस दौरान उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए। पीड़ित ने बताया उसके दो दिन बाद उसके दस्तावेज तो वापस कर दिए गए लेकिन उसे नौकरी नहीं मिल सकी। फिलहाल पीड़ित गांव में मजदूरी करता है जबकि पीड़ित के होश उस वक्त फाख्ता हो गए जब उसे आयकर विभाग की ओर से एक नोटिस प्राप्त हुआ।

यह भी पढ़ें-

पीड़ित ने कभी नहीं खुलवाया था बैंक अकाउंट
उसने बताया कि दस्तावेजों पर एक बैंक खाता खोला गया और उससे 8.64 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया है। जबकि उसने न तो कोई बैंक खाता खुलवाया और न ही कोई व्यापार किया है। फिलहाल पीड़ित ने मामले में बुलंदशहर एसएसपी श्लोक कुमार को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पूरे प्रकरण में सीओ सिकंदराबाद विकास प्रताप चौहान को जांच सौंपते हुए दोषियों पर जांच के बाद कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

(वरुण शर्मा की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत