1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट के पास जहाज पर हमला, 4 भारतीयों की मौत; भारत ने की कड़ी निंदा

यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट के पास जहाज पर हमला, 4 भारतीयों की मौत; भारत ने की कड़ी निंदा

 Written By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1
 Published : Jul 20, 2026 09:49 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 10:09 pm IST

यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट से रवाना हो रहे कमर्शियल मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की है।

ship attacked- India TV Hindi
जहाज पर हमला Image Source : AP

नई दिल्ली: यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट से रवाना हो रहे कमर्शियल मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो (MV Golden Leo) पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया। विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया और हमले की कड़ी निंदा की है। यह हमला 19 जुलाई की शाम में उस वक्त हुआ जब यह जहाज पोर्ट से रवाना हो रहा था।

चालक दल के कुल 17 सदस्य सवार

विदेश मंत्रालय के मुताबिक 19 जुलाई 2026 की शाम ओडेसा पोर्ट से निकलते समय जहाज पर हमला हुआ। जिस वक्त हमला हुआ उस वक्त जहाज पर चालक दल के कुल 17 सदस्य सवार थे, जिनमें 5 भारतीय नागरिक शामिल थे। अचानक हुए इस हमले में चार भारतीयों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

भारतीय दूतावास हालात पर नजर बनाए हुए है 

विदेश मंत्रालयने कहा कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। विदेश मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और इस हमले में घायल भारतीय के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

भारत ने हमले की कड़ी निंदा की

भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिक, चालक दल की जान खतरे में डालना और समुद्री व्यापार एवं नौवहन की स्वतंत्रता में बाधा डालना पूरी तरह निंदनीय है। भारत ने ऐसे हमलों से बचने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया। बता दें कि इससे पहले'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में  जहाजों पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते समुद्री सुरक्षा संकट को देखते हुए केंद्र सरकार ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए बड़े कदम उठाने का फैसला लिया। सरकार ने समुद्री निगरानी बढ़ाने और 'सीफेरर-फर्स्ट' या नाविकों को प्राथमिकता देने की नीति लागू की है। 

 

हाल के दिनों में हुए हमले

1 मार्च 2026: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हमला

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास एक तेल टैंकर पर हमले में दो भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हुए। इस घटना के बाद भारत ने क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

12 मार्च 2026: सेफसी विष्णु (Safesea Vishnu) पर हमला

इराक के तट के पास तेल उत्पाद ले जा रहे टैंकर Safesea Vishnu पर हमला हुआ। इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हुई। घटना के बाद क्षेत्र में भारतीय जहाजों की सुरक्षा बढ़ाई गई।

18 अप्रैल 2026: भारतीय टैंकर पर फायरिंग

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज  में एक भारतीय टैंकर पर ईरानी गनबोट्स द्वारा फायरिंग की गई। चालक दल सुरक्षित रहा, लेकिन जहाज को अपना मार्ग बदलना पड़ा। भारतीय नौसेना ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी।

ये भी पढ़ें:

ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाज में लगी आग, 9वीं रात भी ईरान पर भीषण हमले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत