1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'ऑपरेशन सिंदूर' पर भारतीय सेना की प्रेस ब्रीफ, पाकिस्तान को दी गई सीधी चेतावनी

'ऑपरेशन सिंदूर' पर भारतीय सेना की प्रेस ब्रीफ, पाकिस्तान को दी गई सीधी चेतावनी

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 07, 2025 10:37 am IST,  Updated : May 07, 2025 11:51 am IST

भारत ने पाकिस्तान के भीतर आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत मिसाइल स्ट्राइक की है। इस कार्रवाई में आतंकवादियों को बड़ा नुकसान हुआ है। इस पूरे ऑपरेशन पर भारतीय सेना की ओर से प्रेस ब्रीफ दी जा रही है।

'ऑपरेशन सिंदूर' पर भारतीय सेना की प्रेस ब्रीफ।- India TV Hindi
'ऑपरेशन सिंदूर' पर भारतीय सेना की प्रेस ब्रीफ। Image Source : INDIA TV

भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार-बुधवार को देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाते हुए मिसाइल अटैक किया है। इस हमले में बड़ी संख्या में आतंकी मारी गई है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, कुल मिलाकर, नौ (9) स्थलों को निशाना बनाया गया है। भारत के इस अभियान को ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया है और जानकारी के मुताबिक, ये ऑपरेशन सेना, नौसेना और वायुसेना का संयुक्त अभियान है। अब भारतीय सेना इस पूरे ऑपरेशन को लेकर प्रेस ब्रीफ कर रही है। आइए जानते हैं इस प्रेस ब्रीफ के सभी अपडेट...

ऑपरेशन सिंदूर के बारे में प्रेस ब्रीफ भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने दी है। पहले पूरे मामले पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बयान जारी किया है।

पर्यटकों पर बर्बर हमला किया गया

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतकियों ने पहलगाम में पर्यटकों पर बर्बर हमला किया और 25 भारतीय पर्यटकों और 1 नेपाली पर्यटक लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। मुंबई में 26/11 हमले के बाद ये सबसे गंभीर हमला था। ये काफी गंभीर मामला था। हत्या के इस तरीके से परिवार के लोगों को जानबूझकर आघात दिया गया है और उन्हें कहा गया कि इस बारे में संदेश पहुंचा दें। ये हमला जम्मू-कश्मीर के विकास को रोकना था। पर्यटन को नुकसान पहुंचाना था। बीते साल सवा 2 करोड़ पर्यटक आए थे।

पूरे देश में दंगे भड़काने का प्रयास था

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि पहलगाम में आतंकी हमले का ये तरीका जम्मू-कश्मीर और पूरे देश में दंगे भड़काने का प्रयास था। TRF ने इसकी जिम्मेदारी ली है जो कि लश्कर से जुड़ा हुआ है। पहलगाम आतंकी हमले की जांच से आतंकियों के संबंध पाकिस्तान से उजागर हुए हैं। हमलावरों की पहचान की गई और उनकी जानकारी जुटाई गई। हमले की रूपरेखा पाकिस्तान से जुड़ी हुई है। पाकिस्तान आतंकियों के पनाहगार के रूप में पहचान बना चुका है। पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर वैश्विक मंचों को गुमराह किया है। साजिद मीर केस में पाकिस्तान ने आतंकी को मृत घोषित कर दिया था लेकिन वह जिंदा पाया गया।

आतंकियों को न्याय के कठघरे में लाना जरूरी था

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश देखा गया। भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़ कदम उठाए गए। हालांकि, ये जरूरी था कि पहलगाम हमले के आतंकियों को न्याय के कठघरे में लाया जाए। लेकिन पाकिस्तान ने आतंकियों पर कोई कार्रवाई नहीं की और आरोप लगाता रहा। भारत को खबर मिली कि ये आतंकी संगठन भारत को आगे और भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। अत: इन्हें रोकना और इसने निपटना दोनों को बेहद आवश्यक समझा गया। आज सुबह भारत ने इस तरह के सीमा पार हमलों का जवाब देने और उन्हें रोकने तथा उनका प्रतिरोध करने के अपने अधिकार का प्रयोग किया है। भारत की कार्रवाई आतंकवाद के ढ़ांचे को समाप्त करने के लिए की गई है। ये एक नपी तुली कार्रवाई है। यूएन ने भी पहलगां आतंकी हमले के आरोपियों-दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने की बात पर जोर दिया था।

ऑपरेशन की टाइमिंग सामने आई

सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि 1 बजकर 5 मिनट से 1.30 बजे के बीच ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया गया है। ये ऑपरेशन पहलगाम के पीड़ितों को न्याय देने के लिए लॉन्च किया गया। पाकिस्तान के 9 टेरर कैंप को पूरी तरह से तबाह कर दिया गया है। पाकिस्तान में 3 दशकों से टेरर इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा है। ये पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में फैले हैं। इन लक्ष्यों का चयन एजेंसियों के सटीक इनपुट के आधार पर हुआ और इस बात का ध्यान रखा गया आम नागरिकों के जीवन को खतरा न हो।

9 जगहों पर आतंकी ठिकाने को ध्वस्त

पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया है। सबसे पहले पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के मुजफ्फराबाद में स्थित सवाई नाला कैंप जो कि लश्कर का कैंप था, उसे तबाह किया गया जहां से पहलगाम समेत कई आतकी हमले के जिम्मेदार आतंकियों ने ट्रेनिंग ली थी। ये LoC से 30 किमी दूर है। बहावलपुर में जैश का बिलाल टेरर कैंप भी ध्वस्त कर दिया गया है। सियालकोट में हिजबुल का कैंप महमूना जोया ध्वस्त किया गया है।

POJK के आतंकी कैंप

  • सवाई नाला कैंप: 20 अक्टूबर 2024 सोनमर्ग, 24 अक्टूबर 2024 गुलमर्ग और 22 अप्रैल 2025 पहलगाम के आतंकियों ने यहीं से ट्रेनिंग ली थी।
  • सय्यदना बिलाल कैंप: मुजफ्फराबाद का ये कैंप  जैश का एरिया है। ये हथियारस विस्फोटक और जंगल सर्वाइवल ट्रेनिंग का केंद्र था।
  • गुलपुर कैंप: कोटली में स्थित लश्कर का ये कैंप एलओसी से 30 किमी दूर था जो कि राजौरी और पुंछ में सक्रिया था। 20 अप्रैल 2023 को पुंछ में और 9 जून 2024 को तीर्थयात्रियों के बस हमले में शामिल आतंकियों को यहीं पर ट्रेन किया गया था।
  • बरनाला कैंप बिम्भर: ये एलओसी से 9 किमी दूर है और ये हथियार हैंडलिंग, आईईडी और जंगल सर्वाइवल ट्रेनिंग का केंद्र था।
  • कोटली का अब्बास कैंप: ये एलओसी से 13 किमी दूर है। इसकी कैपेसिटी 15 आतंकियों को ट्रेनिंग देने की थी। यहां लश्कर का फिदायीन तैयार होता था।

पाकिस्तान में स्थित आतंकी कैंप

  • सियालकोट का सरजल कैंप: ये सांबा और कठुआ के सामने इंटरनेशनल बोर्डर से 6 किमी दूर है। मार्च 2025 में जम्मू-कश्मीर पुलिस के 4 जवानों की हत्या करने वाले आतंकियों को यहीं ट्रेनिग मिली। 
  • सियालकोट का महमूना जाया कैंप: ये इंटरनेशनल बोर्डर से 12 से 18 किमी दूर था और हिज्बुल मुजाहिद्दीन का काफी बड़ा कैंप था। ये कठुआ-जम्मू क्षेत्र में आतंक फैलाने का नियंत्रण केंद्र था। पठानकोट एयरबेस का हमला इसी कैंप में प्लान और डायरेक्ट किया गया था।
  • मरकज तैयबा मुरीदके कैंप: ये कैंप इंटरनेशनल बोर्डर से 18 से 25 किमी की दूरी पर है। 2008 में मुंबई हमले के आतंकी अजमल कसाब और डेविड हेडली यहां पर प्रशिक्षित हुए थे।
  • बहावलपुर का मरकज सुभान्नला कैंप: ये इंटरनेशनल बोर्डर से 100 किमी दूर था और जैश का मुख्यालय था। यहां पर भर्ती, ट्रेनिंग का केंद्र था। शीर्ष आतंकी यहां पर आते रहते थे।

प्रेस ब्रीफ में साफ कर दिया गया है कि भारत ने सिर्फ आतंकियों को निशाना बनाया है। किसी भी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया है और अब तक आम नागरिक को किसी भी नुकसान की कोई खबर नहीं है। हथियारों का चुनाव भी काफी सोच-समझ कर किया गया था ताकि कोई कोलैटरल डैमेज न हो। भारतीय सेना पाकिस्तान की किसी भी तरह की हरकत का जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

ये भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत