1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इस वंदे भारत ट्रेन में मिलेगा सिर्फ शाकाहारी भोजन, नॉनवेज खाना ले जाने पर भी मनाही, जानिए क्यों लिया गया ये फैसला?

इस वंदे भारत ट्रेन में मिलेगा सिर्फ शाकाहारी भोजन, नॉनवेज खाना ले जाने पर भी मनाही, जानिए क्यों लिया गया ये फैसला?

 Published : Feb 03, 2025 09:18 am IST,  Updated : Feb 03, 2025 09:23 am IST

वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों को शुद्ध शाकाहारी भोजन परोसने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही अब यात्री बाहर या घर से मांसाहारी भोजन लाकर भी इस वंदे भारत ट्रेन में नहीं खा सकते हैं। इसके लिए सख्त मनाही है।

वंदे भारत ट्रेन में शाकाहारी भोजन- India TV Hindi
वंदे भारत ट्रेन में शाकाहारी भोजन Image Source : FILE PHOTO AND META AI

वंदे भारत से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। अगर आप शाकाहारी हैं तो अब आपको ट्रेन से सफर करने में किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नई दिल्ली से कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को लेकर अहम फैसला लिया गया है। इस ट्रेन में आपको सिर्फ शाकाहारी खाना ही मिलेगा। 

मांसाहारी खाने को लेकर यात्रियों में रहती थी चिंता

इस ट्रेन में सफर करने वाले कई यात्री इस बात से परेशान थे कि रेलवे कैंटीन में वेज और नॉनवेज दोनों तरह का खाना बनता है। ऐसे में उन्हें डर रहता था कि उन्हें शुद्ध शाकाहारी खाना मिलेगा या नहीं। यात्रियों की इसी चिंता को देखते हुए नई दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस ने 100 फीसदी शाकाहारी खाना दिए जाने का ऐलान किया है।

श्री माता वैष्णो देवी मंदिर है पवित्र धार्मिक स्थल

जम्मू-कश्मीर के कटरा में श्री माता वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा को पवित्र स्थल माना जाता है। ऐसे में नई दिल्ली से कटरा को जोड़ने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन में यात्रियों को शाकाहारी भोजन परोसने का फैसला किया गया। रेलवे की कोशिश है कि यात्रा के दौरान पूरी तरह शाकाहारी माहौल बना रहे। इसके लिए यात्रियों को ट्रेन में मांसाहारी भोजन या नाश्ता ले जाने की अनुमति नहीं है। इसलिए मांसाहारी भोजन खाने के शौकीन लोगों को पहले से ही सतर्क रहने की जरूरत है। इसका पालन करने से दूसरे यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी।

इसके तहत किया गया समझौता

भारतीय रेलवे प्राधिकरण IRCTC और NGO सात्विक काउंसिल ऑफ इंडिया के बीच हुए समझौते के तहत दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को सात्विक प्रमाणपत्र दिया जाएगा। नई दिल्ली (NDLS) और श्री माता वैष्णो देवी कटरा (SVDK) के बीच सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है।

IRCTC ने कुछ ट्रेनों को सात्विक प्रमाणित किया

'शाकाहारी-अनुकूल यात्रा' को प्रोत्साहित करने के लिए भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (IRCTC) ने कुछ ट्रेनों को 'सात्विक प्रमाणित' किया है, खासकर उन ट्रेनों को जो धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा करती हैं। 'सात्विक' प्रमाणन कार्यक्रम को सात्विक काउंसिल ऑफ इंडिया और आईआरसीटीसी ने 2021 में पेश किया था।

स्वास्थ्य के प्रति जागरुक हो रहे यात्री

कई ट्रेनें अब कम कैलोरी वाले भोजन, ग्लूटेन-मुक्त स्नैक्स और पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग सहित पौष्टिक विकल्प प्रदान कर रही हैं क्योंकि अधिक यात्री स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहे हैं। रेलवे का यह परिवर्तन आपके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के अलावा पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने में मदद करता है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत