1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारतीय चरवाहों ने गलती से किया LAC को पार, चीनी सैनिकों के बीच मचा हड़कंप, VIDEO वायरल

भारतीय चरवाहों ने गलती से किया LAC को पार, चीनी सैनिकों के बीच मचा हड़कंप, VIDEO वायरल

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jan 30, 2024 12:42 pm IST,  Updated : Jan 30, 2024 01:29 pm IST

भारतीय चरवाहों द्वारा एलएसी के पार जाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें भारतीय चरवाहे और चीनी सैनिक आपस में कुछ बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

LAC- India TV Hindi
LAC पार कर गए भारतीय चरवाहे Image Source : SCREENGRAB/VIRAL VIDEO

लद्दाख: भारतीय चरवाहों द्वारा LAC पार करने का मामला सामने आने के बाद पूरे देश में इसकी चर्चा हो रही है। दरअसल ये चरवाहे घूमते हुए LAC पार कर गए, जहां चीनी सैनिकों ने उन्हें रोका और वापस जाने के लिए कहा। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

भारतीय सेना ने क्या कहा?

इस मामले पर भारतीय सेना ने कहा कि हमारे जो चरवाहे थे, वही दूसरी तरफ गए थे। हालांकि बिना किसी धक्का-मुक्की और लड़ाई-झगड़े के वो वापस आ गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भारतीय सेना ने कहा कि चीनी सैनिकों और चरवाहों के बीच झड़प नहीं हुई बल्कि चीनी सैनिकों ने उन्हें वापस जाने के लिए कहा। ये वीडियो 2 जनवरी का बताया जा रहा है। 

बता दें कि भारतीय सेना और ITBP के जवानों द्वारा स्थानीय चरवाहों को पारंपरिक चरागाह क्षेत्रों में सामान्य चराई गतिविधियों को करने में सक्षम बनाया जा रहा है।

चीन और भारत के सैनिकों के बीच कई बार हो चुकी है झड़प 

गौरतलब है कि इससे पहले चीन और भारत के सैनिकों के बीच कई बार टकराव हुआ है। इस टकराव में दोनों तरफ को काफी नुकसान पहुंच चुका है। हालांकि अभी दोनों देशों के बीच संबंध स्थिर है और बीते कुछ समय से कोई हिंसक झड़प नहीं हुई है।

लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून 2020 को दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान 20 भारतीय जवान शहीद हुए थे और और कई घायल हुए थे। चीन को भी काफी नुकसान पहुंचा था। 

9 दिसंबर 2022 को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भी भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। इसमें 6 भारतीय सैनिक घायल हुए थे और हांगकांग मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चीन के 20 जवान घायल हुए थे।

डोकलाम में 18 जून 2017 को 300 भारतीय सैनिकों ने चीन को सड़क बनाने से रोक दिया था। इसके बाद यहां करीब 75 दिनों तक विवाद रहा था। समझौते के तहत अगस्त 2017 में दोनों देशों ने अपनी सेनाएं पीछे हटाने का फैसला लिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत