1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश के 53वें CJI बने जस्टिस सूर्यकांत, कब तक होगा कार्यकाल, उनके पास कितनी है संपत्ति? यहां जानें सबकुछ

देश के 53वें CJI बने जस्टिस सूर्यकांत, कब तक होगा कार्यकाल, उनके पास कितनी है संपत्ति? यहां जानें सबकुछ

 Published : Nov 24, 2025 10:19 am IST,  Updated : Nov 24, 2025 02:14 pm IST

जस्टिस सूर्यकांत देश के 53वें CJI बन गए हैं। सोमवार 24 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई है।

justice suryakant supreme court- India TV Hindi
जस्टिस सूर्यकांत ने ली मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ। Image Source : PTI

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत ने सोमवार को भारत के चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ले ली है। जस्टिस सूर्यकांत को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलायी है। बता दें कि हाल ही में बीआर गवई चीफ जस्टिस के पद से रिटायर हुए थे। उनकी जगह अब जस्टिस सूर्यकांत ने ली है। वह देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं।

कब तक रहेगा कार्यकाल?

भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में  जस्टिस सूर्यकांत का कार्यकाल आज 24 नवंबर 2025 से लेकर 9 फरवरी, 2027 तक रहेगा। बता दें कि नवंबर महीने की शुरुआत में, केंद्रीय कानून मंत्रालय में न्याय विभाग ने जस्टिस सूर्यकांत की नियुक्ति की घोषणा करते हुए एक अधिसूचना जारी की थी।

PM मोदी भी समारोह में हुए शामिल

PM मोदी ने X पर पोस्ट किया- "भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस सूर्यकांत के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। उनके आगामी कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं।" वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा- "भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने पर जस्टिस सूर्यकांत को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी पदोन्नति हमारी न्याय प्रणाली के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर 14 महीने के कार्यकाल की शुरुआत का प्रतीक है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संवैधानिक मूल्यों, संस्थागत ताकत और कानून के शासन में जनता का विश्वास और मजबूत होगा, जिससे प्रत्येक नागरिक के लिए न्याय का वादा आगे बढ़ेगा।"

हरियाणा में हुआ था जन्म

जस्टिस सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी, 1962 को हरियाणा के हिसार जिले में एक मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ था। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में कई उल्लेखनीय फैसले लेने वाले न्यायमूर्ति सूर्यकांत को 5 अक्टूबर, 2018 को हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।

जस्टिस सूर्यकांत के पास कितनी है संपत्ति?

आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, देश के नए चीफ जस्टिस सूर्यकांत के पास खुद का कोई वाहन नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी के पास वैगनआर है। उनके पास  पूरे भारत में छह आवासीय संपत्तियां और दो भूखंड हैं। उनकी संपत्ति में चंडीगढ़ के सेक्टर 10 में एक कनाल का घर और न्यू चंडीगढ़ के इको सिटी- II में 500 वर्ग गज का प्लॉट शामिल है। उनके पास चंडीगढ़ के सेक्टर 18-सी में 192 वर्ग गज का घर और पंचकुला के गोलपुरा गांव में 13.5 एकड़ कृषि भूमि भी है। जस्टिस सूर्यकांत के पास गुरुग्राम के सुशांत लोक-I में 300 वर्ग गज का प्लॉट, DLF-II में 250 वर्ग गज का घर और ग्रेटर कैलाश-I, नई दिल्ली में 285 वर्ग गज की संपत्ति में ग्राउंड फ्लोर और बेसमेंट भी है। अपने गृहनगर हिसार में, उनके पास पेटरवार में 12 एकड़ कृषि भूमि और पेटरवार और हिसार अर्बन एस्टेट- II दोनों में पैतृक घरों में एक तिहाई हिस्सा है।

ये भी पढ़ें- 'सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को कम करना हमारी पहली प्राथमिकता', CJI की शपथग्रहण से पहले बोले जस्टिस सूर्यकांत-VIDEO

मेरे ऊपर फूल मत फेंको... सुप्रीम कोर्ट में अपने आखिरी कार्य दिवस की विदाई समारोह में बोले CJI बीआर गवई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत