कर्नाटक के मैसूरु में सोमवार को एक रेस्टो-बार में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना दत्तागल्ली इलाके में नेताजी सर्कल के पास स्थित दो मंजिला रेस्टो-बार की है। हादसे के वक्त रेस्टो-बार के भीतर कई लोग मौजूद थे।
फॉक्स डेन रेस्टो-बार में लगी आग
पुलिस के अनुसार, हादसा 'फॉक्स डेन रेस्टो-बार' में हुआ। घटना के समय अंदर करीब 25 लोग मौजूद थे। अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पूरा रेस्टो-बार आग की लपटों और काले धुएं से घिर गया। अंदर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
इमारत के भीतर धुआं इस कदर भर गया था कि लोगों का दम घुटने लगा। दम घुटने और आग की लपटों से बचने के लिए कुछ लोगों ने पब की ऊपरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
शुरुआती जांच में अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की मुख्य वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। रेस्टो-बार के अंदर बने एक सेल्फी LED बूथ में सबसे पहले स्पार्किंग हुई। वहां लगी सजावटी सूखी घास और इंटीरियर के सामान ने तुरंत आग पकड़ ली। कारण आग पल भर में पूरी जगह पर फैल गई।
हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतकों की पहचान साहिल और प्रकाश के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल एवं आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पब के अंदर फंसे 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए शहर के सुयोग अस्पताल और अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
VIDEO: आम लदा पिकअप पलटने के बाद कारोबारी दंपति सड़क पर तड़पते रहे, लोग लूटते रहे आम; पति की मौत
प्रयागराज में मुहर्रम जुलूस के दौरान तलवारबाजी और अन्य हथियारों पर रोक, नहीं मानने पर होगी कार्रवाई