1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल के इडुक्की जिले में आदिवासी शख्स ने आत्मरक्षा में तेंदुए को मार गिराया

केरल के इडुक्की जिले में आदिवासी शख्स ने आत्मरक्षा में तेंदुए को मार गिराया

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 03, 2022 07:50 pm IST,  Updated : Oct 07, 2022 05:31 pm IST

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में इलाके में तेंदुए का आतंक था और उसने कई मवेशियों को अपना शिकार बना लिया था।

Kerala Man Kills Leopard, Kerala Leopard, Idukki Man Kills Leopard, Idukki Man Leopard- India TV Hindi
Representational Image. Image Source : PIXABAY

इडुक्की: भारत में अक्सर तेंदुए के हमले में कभी मवेशियों तो कभी इंसानों की जान जाने की खबर आती रहती है। कई बार ऐसा भी हुआ है कि तेंदुआ रिहायशी इलाकों में घुसा है और उसने लोगों पर हमला कर उन्हें घायल किया है। हालांकि केरल में एक शख्स पर हमला करना एक तेंदुए को भारी पड़ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल के इडुक्की जिले के मनकुलम के घने जंगलों में एक आदिवासी शख्स ने शनिवार सुबह आत्मरक्षा के दौरान तेंदुए पर हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

‘गहरा जख्म लगने से मौके पर ही मर गया तेंदुआ’

वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तेंदुए के गर्दन पर गहरा जख्म लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आदिवासी व्यक्ति गोपालन को घायल होने के कारण समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया, ‘व्यक्ति भी घायल हुआ है। उसका एक हाथ टूट गया है और कई अन्य गहरे घाव भी लगे हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’

‘गोपालन ने तेंदुए को दरांती से मार डाला’
अधिकारी ने बताया कि अभी तक मिली जानकारी में पता चला है कि गोपालन ने आत्मरक्षा में तेंदुए की हत्या की है, इसलिए कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। मनकुलम के जिला वन अधिकारी ने बताया, ‘अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। लेकिन हम इस केस पर सीनियर अफसरों के साथ चर्चा करेंगे।’ स्थानीय लोगों ने बताया कि गोपालन चिंगनामकुडी कालोनी में अपने मकान के पास मैदान में जा रहा था कि तभी तेंदुए ने उसी दौरान उसपर हमला कर दिया। लोगों ने बताया कि इसके बाद गोपालन ने आत्मरक्षा में दरांती से जंगली जीव पर हमला किया।

पहले भी कई मवेशियों को शिकार बना चुका था तेंदुआ
स्थानीय लोगों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि तेंदुआ सड़क किनारे लेटा हुआ था और गोपालन को वहां से गुजरता हुआ देखकर उन पर हमला कर दिया और उसे आत्मरक्षा में हथियार उठाना पड़ा। लोग गोपालन को तालुक्का अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में इलाके में तेंदुए का आतंक था और उसने कई मवेशियों को अपना शिकार बना लिया था। वन विभाग के कर्मचारियों ने तेंदुए का शव वहां से हटा दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत