1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लताजी के निधन पर कई हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि, स्वामी रामदेव ने कहा-'सुरों का दिव्य अवतार थीं लता दीदी '

लताजी के निधन पर कई हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि, स्वामी रामदेव ने कहा-'सुरों का दिव्य अवतार थीं लता दीदी '

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 06, 2022 01:57 pm IST,  Updated : Feb 06, 2022 02:14 pm IST

लता मंगेशकर के निधन पर स्वामी रामदेव सहित अन्य कई हस्तियों ने अपनी संवेदना व्यक्त की हैं और अपनी प्रतिक्रिया में उन्हें भगवान का वरदान स्वरूप बताया।

Swami Ramdev- India TV Hindi
Swami Ramdev Image Source : FILE PHOTO

स्वामी रामदेव ने लता मंगेशकर के निधन को अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि मैंने दो दशकों में कई बार उनसे संवाद किया। जब भी बात करता था, तो दिव्य अलौकिक उर्जा का स्पंदन महसूस करता था। वे हम सबके लिए भगवान का वरदान स्वरूप थीं। स्वामी रामदेव ने कहा कि जब इतिहास पर नजर डालता हूं तो लता दीदी जैसा व्यक्तित्व कोई दूसरा इस कला-संगीत की दुनिया दिखाई नहीं देता। वे प्रतिभा संपन्न और निर्व्यसनी व्यक्तित्व थीं। ऐसा व्यक्ति बरसों में एक बार अवतरित होता है। वे सुरों का दिव्य अवतार थीं। मैं दीदी के निधन पर उन्हें भावपूर्ण ह्रदय से प्रणाम अर्पित करता हूं अैार उनके मोक्ष के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

गीत-संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति: मायावती

लता मंगेशकर के निधन पर बसपा सुप्रीमो और यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने भी शोक जताया है। उन्होंने कहा कि अपनी सुरीली व मनमोहक आवाज़ से लोगों के दिल-दिमाग़ पर कई दशकों तक राज करने वाली लता मंगेशकर के आज निधन की खबर अति-दुःखद है। गीत-संगीत जगत को अपूरणीय क्षति। उनके परिवार व समस्त प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत सभी को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करे।

पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा लताजी का जीवन: सोनिया गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि “स्वर कोकिला लताजी की मधुर आवाज़ आज मौन होने पर स्तब्ध हूं। एक युग का अंत हो गया। उन्होंने आगे कहा कि दिल छू लेने वाली आवाज़, राष्ट्र प्रेम के गीत और लता दीदी का संघर्षमय जीवन सदा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा। उनकी अंतिम यात्रा में नमन व भावभीनी श्रद्धांजलि।”

लता जी वास्तव में भारत की कोकिला थीं: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, "मैं उनके परिवार और दुनियाभर में उनके करोड़ों प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं उस प्रतिभा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करती हूं जो वास्तव में भारत की कोकिला थीं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत