1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने आप की अदालत में रजत शर्मा के सवालों के जवाब दिए, जानें किन मुद्दों पर हुई बात

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने आप की अदालत में रजत शर्मा के सवालों के जवाब दिए, जानें किन मुद्दों पर हुई बात

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 14, 2025 09:56 pm IST,  Updated : Jun 15, 2025 12:30 am IST

इंडिया टीवी के लोकप्रिय शो 'आप की अदालत' में इस बार बॉलीवुड स्टार आमिर खान गेस्ट थे। उन्होंने शो के दौरान इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर इन चीफ रजत शर्मा के सवालों के खुलकर जवाब दिए।

Aamir- India TV Hindi
आप की अदालत में आमिर Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: इंडिया टीवी के लोकप्रिय शो 'आप की अदालत' में इस बार के मेहमान बॉलीवुड स्टार आमिर खान थे। आमिर ने इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर इन चीफ रजत शर्मा के सवालों के खुलकर जवाब दिए। आमिर ने इस दौरान पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या, टर्की और पाकिस्तान पर बात की। आमिर ने बताया कि उनकी सबसे ज्यादा कमाई कहां हुई। आमिर ने चीन में अपनी फैन फॉलोइंग पर भी खुलकर अपने विचार रखे।

एक बार फिल्म छोड़ने का फैसला क्यों किया था?

जब रजत शर्मा ने आमिर से पूछा कि उन्होंने फिल्में छोड़ने का फैसला क्यों किया, तो आमिर खान ने जवाब दिया, "जब मैं कोविड महामारी के दौरान अपने घर में कैद था, तो मैंने सोचना शुरू किया। मैंने फिल्म इंडस्ट्री में 18 साल बिताए थे। मैंने एक सहायक निर्देशक के रूप में काम शुरू किया और चार साल बाद, मैं एक अभिनेता बन गया। मेरे जीवन के ये सभी 18 साल जुनून, जादू और रचनात्मकता के प्रति दीवानगी से भरे थे, और मैं 56 साल का था। मैं सोचने लगा कि मैंने अपने परिवार, अपने बच्चों, अपनी 'अम्मी', अपने भाई-बहनों के साथ क्या किया। मैंने इन सभी सालों में उन्हें कोई समय नहीं दिया। जब मुझे इसका एहसास हुआ, तो मैं तीन दिनों के लिए डिप्रेशन में चला गया। मैं खुद पर गुस्सा हो गया। उस समय तक, मेरे बच्चे बड़े हो गए थे। इरा 23 साल की हो गई थी और जुनैद 28 साल का था। यह चार साल पहले की बात है। मुझे यह भी नहीं पता था कि जब वे बच्चे थे तो वे क्या चाहते थे या क्या सपने देखते थे। उनके सपने, उनके डर क्या थे? उनकी असुरक्षा, उनके सपने क्या थे? मैंने कभी ध्यान नहीं दिया था।"

आमिर ने आगे कहा, "मैं अपना सारा समय अपने निर्देशकों के साथ बिताता था। मुझे पता था कि आशुतोष (गोवारिकर) के सपने क्या थे, उनकी असुरक्षाएं क्या थीं। लेकिन मुझे अपने बच्चों के बारे में कुछ नहीं पता था। फिर मैंने फैसला किया कि मैं और कोई फिल्म नहीं करूंगा और अपना सारा समय अपने बच्चों और परिवार के साथ बिताऊंगा। कोविड के दौरान, फिल्म लाल सिंह चड्ढा आधी-अधूरी रह गई थी। मैंने फैसला किया कि मैं उसके बाद कोई और फिल्म नहीं करूंगा। मैंने अपने परिवार को बताया और माफ़ी मांगी। उन्होंने मुझसे कहा, तुम खुद पर बहुत ज़्यादा सख्त हो रहे हो। एक पिता के तौर पर तुम काफी अच्छे थे, लेकिन मुझे लगा कि मैंने अपना कर्तव्य नहीं निभाया।"

रजत शर्मा ने पूछा कि "आप अपने प्रशंसकों से वादा करते हैं कि आप कभी फ़िल्में नहीं छोड़ेंगे?। इस पर आमिर ने कहा, 'मैं यहां इस शो में वादा करना चाहता हूं कि मैं फ़िल्म इंडस्ट्री कभी नहीं छोड़ूंगा। आज मैं जो कुछ भी हूं, अपने प्रशंसकों के स्नेह की वजह से हूं। मैं सभी का आभारी हूँ। मुझे यह सब देने के लिए मैं ईश्वर का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं अपने देश, अपनी मिट्टी और अपने लोगों का आभारी हूं।"

पहलगाम पर कही ये बात

जब आमिर खान से पूछा गया कि 22 अप्रैल को पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या हुई तो वे चुप क्यों रहे, तो आमिर ने कहा, 'ये जो अटैक हुआ, हमारे देश पर आतंकवादी हमला हुआ, ये इतना घिनौना एक्ट है, इसमें आप उनकी कायरता देखेंगे। ये जो बुजदिल लोग हैं वो हमारे देश में घुसकर आम नागरिकों पर गोली चला रहे हैं। मजहब पूछकर उन पर गोली चला रहे हैं। इसका क्या मतलब है? इस पर मैंने बोला भी है। अब होता क्या है कि मैं सोशल मीडिया पर नहीं हूं। तो जैसे ही कुछ चीज होती है तो लोग एक-एक सेकंड में बोलते रहते हैं। हालांकि मैंने इसके बारे में बात भी की। जब मैं किसी फंक्शन में गया था तो मुझसे पूछा गया था तो मेरा बहुत ही साफ जवाब था कि ये जो हमला है वो सिर्फ हमारे देश के लोगों पर नहीं है। ये हमारे देश की एकता पर भी हमला है और यह बहुत ही घिनौना काम किया है। उनको बहुत ही मुंहतोड़ जवाब मिल चुका है।'

टर्की को लेकर कही ये बात

आमिर ने कहा, 'टर्की ने बहुत गलत किया है और हर हिंदुस्तानी को इससे चोट पहुंची है। कुछ साल पहले उनके यहां भूकंप आया था। उनको सबसे पहले मदद किसने दी थी? सबसे पहले इंडिया ने उन्हें मदद दी थी। उस वक्त हमारी सरकार को भी नहीं पता था (कि तुर्की ने पाकिस्तान को ड्रोन दिए हैं)। जिस तरह मुझे नहीं पता था। जब मैं एर्दोगन को मिलने गया था तो जैसे सरकार को नहीं पता था वैसे मुझे भी नहीं पता था कि हमारे साथ सात साल बाद ये ऐसी हरकत करेंगे। हमने एक दोस्ती का हाथ बढ़ाया। हमने उनकी मदद की। उनके तकलीफ के वक्त हमने उनकी मदद की। सबसे पहले हम थे और उन्होंने हमको ये जवाब दिया ( पाकिस्तान को हमला करने में मदद की)तो ये गलत हुआ है।'

लव जिहाद पर क्या कहा?

रजत शर्मा ने आमिर से पूछा कि ट्रोल्स कहते हैं कि आप लव जिहाद कर रहे हैं? इस पर आमिर ने कहा कि जब भी दो अलग-अलग धर्मों के लोग एक-दूसरे से प्यार करते हैं, तो वे प्यार की वजह से ऐसा करते हैं। हर बार यह लव जिहाद नहीं होता। इसे इंसानियत कहते हैं। यह धर्म से ऊपर है। मैं आपको बता दूं। मेरी बहन निखत ने हिंदू संतोष हेगड़े से शादी की। क्या आप कहेंगे, यह लव जिहाद है? मेरी छोटी बहन फरहत ने हिंदू राजीव दत्ता से शादी की। क्या आप कहेंगे, यह लव जिहाद है? मेरी बेटी आयरा ने कुछ महीने पहले नुपुर शिखरे से शादी की है। तो, प्यार धरती पर सबसे बड़ी चीज है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत