1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. विपक्ष के हंगामे पर लोकसभा स्पीकर की फटकार, राहुल गांधी से बोले- "जनता ने पर्चियां फेंकने के लिए नहीं भेजा"

विपक्ष के हंगामे पर लोकसभा स्पीकर की फटकार, राहुल गांधी से बोले- "जनता ने पर्चियां फेंकने के लिए नहीं भेजा"

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 28, 2025 12:37 pm IST,  Updated : Jul 28, 2025 12:37 pm IST

ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों को फटकार लगाते हुए राहुल गांधी से कहा कि वह अपने दल के नेताओं को समझाएं कि जनता ने उन्हें पर्चिंयां फेंकने और तख्तियां लाने के लिए नहीं भेजा है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला - India TV Hindi
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला Image Source : PTI

नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को सदन में प्रश्नकाल के दौरान नारेबाजी करने पर विपक्षी सांसदों को आड़े-हाथों लिया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से कहा कि वह अपने दल के नेताओं को समझाएं कि जनता ने उन्हें पर्चिंयां फेंकने और तख्तियां लाने के लिए नहीं भेजा है। 

ओम बिरला ने यह भी कहा कि देश यह जानना चाहता है कि आखिर प्रश्नकाल को नियोजित तरीके से क्यों बाधित किया जा रहा है? कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने बिहार में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर लोकसभा में सोमवार को भी नारेबाजी जारी रखी। सदन की बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, विपक्षी दलों के सदस्य 'SIR वापस लो' के नारे लगाने लगे।

"ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा नहीं करना चाहते?" 

लोकसभा स्पीकर ने कहा, ‘‘क्या आप सदन बाधित करना चाहते हैं, क्या ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा नहीं करना चाहते? आप लोग आए थे और कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होनी चाहिए। आखिर अब सदन क्यों नहीं चलने दे रहे?" उन्होंने सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से कहा, "माननीय नेता प्रतिपक्ष, आप अपने नेताओं को समझाओ कि इन्हें सदन में पर्चिया फेंकने और तख्तियां लाने के लिए नहीं भेजा गया है।"

"आप नियोजित तरीके से सदन को बाधित करते हैं" 

उन्होंने नारेबाजी कर रहे सांसदों से कहा, "आप नियोजित तरीके से सदन को बाधित करते हैं, संसद की गरिमा को गिराते हैं, आप सदन में चर्चा नहीं कराना चाहते हैं।" ओम बिरला ने कहा कि देश जानना चाहता है कि क्या आप नियोजित तरीके से प्रश्नकाल नहीं चलाना चाहते? बिरला ने कहा, "प्रश्नकाल में माननीय सदस्यों को बोलने नहीं दिया जा रहा है। यह तरीका उचित नहीं है। सदन सबका है। यह देश की 140 करोड़ जनता की अभिव्यक्ति की सर्वोच्च संस्था है।" (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

भगदड़ के बाद श्रद्धालुओं के लिए खुला मनसा देवी मंदिर, सीढ़ियों वाला पैदल मार्ग बंद

CM योगी ने रचा इतिहास, यूपी में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहने का बनाया रिकॉर्ड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत