1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई में किसी भी कोने से कार-बाइक की एंट्री बिलकुल फ्री, चुनाव से पहले महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला

मुंबई में किसी भी कोने से कार-बाइक की एंट्री बिलकुल फ्री, चुनाव से पहले महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला

 Reported By: Sameer Bhaudas Bhise Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 14, 2024 11:16 am IST,  Updated : Oct 14, 2024 02:52 pm IST

विधानसभा चुनाव का ऐलान होने से पहले महाराष्ट्र सरकार ने टोल टैक्स हटा दिया है। मुंबई के पांच टोल नाका पर लाइट मोटर व्हीकल (कार) को टोल नहीं भरना होगा।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में दो अहम फैसले लिए हैं। मुंबई के पांच टोल नाका पर लाइट मोटर व्हीकल का टैक्स माफ कर दिया गया है। यह फैसला सोमवार (14 अक्टूबर) रात 12 बजे से लागू होगा। इसके साथ ही महाराष्ट्र स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी का नाम बदलने का फैसला किया गया है। यह यूनिवर्सिटी अब रतन टाटा के नाम से जानी जाएगी। लाइट मोटर व्हीकल की श्रेणी में कार, बाइक, ऑटो, वैन, पिकअप और मिनी ट्रक शामिल हैं।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री दादा भूसे ने बताया "महाराष्ट्र सरकार की मंत्रिमंडल बैठक में आज एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। मुंबई के पांच टोल नाकों (वाशी, ऐरोली, मुलुंड , ठाणे ,दहिसर) पर लाइट व्हीकल का टोल माफ किया है। इन टोल पर 45 रुपए और 75 रुपए का शुल्क लगता था, यह 2026 तक लागू था। इन रास्तों पर करीब 3.5 लाख वाहन आते-जाते थे। इनमें करीब 70 हजार भारी वाहन थे और 2.80 लाख हल्के वाहन थे। रात 12 बजे से यह फैसला लागू होगा। तकरीबन 2 लाख 80 हजार कार या उससे छोटे वाहनों को इस टोल माफी का फायदा होगा। लंबे समय से लोगो की मांग थी कि टोल माफ किया जाए और लोगो की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने टोल माफी का निर्णय लिया है।

रतन टाटा को सम्मान

दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के सम्मान में महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला किया है। महाराष्ट्र स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी को अब रतन टाटा के नाम से जाना जाएगा। रतन टाटा के निधन के बाद महाराष्ट्र सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार भी करवाया था। नौ अक्टूबर (बुधवार) को देर रतन टाटा का निधन हो गया था। वह 86 वर्ष के थे। रतन टाटा ने अपना पूरा जीवन देश को बेहतर करने और भारत को नई पहचान दिलाने में लगा दिया। इस वजह से उनके निधन के बाद उनकी स्मृति में यह फैसला लिया गया है।

चुनाव से पहले अहम फैसला

महाराष्ट्र में अगले महीने चुनाव पूरे होने हैं। ऐसे में जल्द ही चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आज (14 अक्टूबर, सोमवार) के दिन ही चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की घोषणा कर सकता है। इससे ठीक पहले शिंदे सरकार ने यह अहम फैसला लिया है। महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है और चुनाव आयोग का कहना है कि इससे पहले राज्य में चुनाव पूरे हो जाएंगे। 

लोकसभा में एनडीए को हुआ था नुकसान

लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को महाराष्ट्र में तगड़ा झटका लगा था। वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस की अगुआई में विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में महाराष्ट्र सरकार ने लाडली बहिन योजना से लेकर टोल टैक्स माफ करने तक कई तरीके अपनाए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत