1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मणिपुर के कांगपोकपी में उग्रवादियों का बड़ा हमला, 4 लोगों की मौत, 1 लापता

मणिपुर के कांगपोकपी में उग्रवादियों का बड़ा हमला, 4 लोगों की मौत, 1 लापता

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 27, 2026 05:02 pm IST,  Updated : Aug 27, 2026 05:41 pm IST

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने बड़ा हमला किया है। घात लगाकर एक वाहन पर किए गए हमले में चार लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PTI)

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने एक वाहन को निशाना बनाकर घात लगाकर हमला किया। अधिकारियों के अनुसार, हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।

कुछ महीने पहले मणिपुर के कांगपोकपी जिले के लोइबोल खुलेन गांव में उग्रवादियों के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी और सात घर जलकर राख हो गए थे। कुकी का प्रतिनिधित्व करने वाली मुख्य संस्था KIM के अनुसार, NSCN-IM और उसके सहयोगी संगठन ZUF (K) के भारी हथियारों से लैस सदस्यों ने गांव पर हमला किया था।

वसूली और अपहरण के आरोप में 5 उग्रवादी गिरफ्तार

एक अन्य खबर में, मणिपुर में इंफाल घाटी के विभिन्न जिलों में जबरन वसूली, धमकी और अपहरण की घटनाओं में कथित रूप से शामिल पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (यूपीपीके) से जुड़े इन उग्रवादियों को मंगलवार को बिष्णुपुर, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के बयान के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में 51 वर्षीय पी. कोइरेंग सिंह भी शामिल है। उसे इंफाल पश्चिम जिले के कोइरेंगई फॉरेस्ट गेट से पकड़ा गया। सिंह राज्य के वन विभाग में माली के पद पर कार्यरत है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से यूपीपीके के कुल 23 लेटरहेड बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपहरण, जबरन वसूली और धमकी देने की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस बीच, सुरक्षा बलों ने कांगपोकपी जिले के ताफोउ कुकी और उससे सटे सेनापति जिले के ताफोउ लियांगमई में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।

अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान दो एसबीबीएल बंदूकें, 12-बोर के 78 कारतूस तथा एके-47 और .22 बंदूक के कारतूसों के खाली खोखे बरामद किए गए। यह अभियान मणिपुर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने मंगलवार को चलाया। अभियान के दौरान ताफोउ कुकी में दो और ताफोउ लियांगमई में एक बंकर भी नष्ट किया गया।

ये भी पढ़ें-

महाराष्ट्र में रिक्शा और टैक्सी चालकों को मिली बड़ी राहत, मराठी सीखने के लिए सरकार ने दी 1 साल की मोहलत

नेपाल में लापता हुए 288 भारतीय नागरिक, किन राज्यों के हैं? विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी, स्पेशल कंट्रोल रूम बनाया गया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत